Viral Video How to Survive Corporate Job: मुंबई की लड़की का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कॉर्पोरेट जॉब छोड़ने से पहले दिए गए ऑफिस सर्वाइवल और लाइफ हैक्स टिप्स लोगों को खूब पसंद आ रहे। देखिए
Instagram Viral Video: कॉर्पोरेट जॉब करने वाले ज्यादातर लोग रोजाना काम का दबाव, डेडलाइन, मीटिंग और ऑफिस पॉलिटिक्स जैसी चुनौतियों का सामना करते हैं। ऐसे माहौल में मानसिक संतुलन बनाए रखना कई बार मुश्किल हो जाता है। इसी बीच मुंबई की एक प्रोफेशनल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कुछ ऐसे सुझाव दिए हैं, जिन्हें बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़कर देख रहे हैं।
'छुट्टी है तो इस्तेमाल करें, बेवजह मत छोड़िए'
वीडियो की शुरुआत में वह बताती हैं कि नौकरी छोड़ने से पहले वह अपने अनुभव के आधार पर कुछ जरूरी बातें शेयर करना चाहती हैं। उनका पहला सुझाव छुट्टियों को लेकर है। उनका कहना है कि अगर कंपनी कर्मचारियों को पेड लीव देती है और वह आगे कैरी फॉरवर्ड या कैश में कन्वर्ट नहीं होती, तो उन्हें बिना अपराधबोध के इस्तेमाल करना चाहिए। उनके मुताबिक, लगातार काम करते रहने से बेहतर है कि समय-समय पर ब्रेक लेकर खुद को मानसिक रूप से तरोताजा रखा जाए।
कॉर्पोरेट में काम जितना जरूरी, उतनी ही जरूरी है सही भाषा
वीडियो में दूसरा बड़ा सुझाव ऑफिस कम्युनिकेशन से जुड़ा है। उनका कहना है कि कॉर्पोरेट दुनिया में केवल काम करना ही काफी नहीं होता, बल्कि अपनी बात सही तरीके से रखना भी जरूरी है। किसी बात का जवाब सीधे "मुझे नहीं पता" कहने की बजाय प्रोफेशनल तरीके से जवाब देना बेहतर माना जाता है। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि ऑफिस में खुद को हमेशा व्यस्त दिखाना कई बार अतिरिक्त काम से बचा सकता है।
हर फीडबैक को दिल पर लेने की जरूरत नहीं
तीसरे सुझाव में उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट लाइफ में आलोचना और फीडबैक काम का सामान्य हिस्सा हैं। हर टिप्पणी को व्यक्तिगत रूप से लेने की बजाय उससे सीखकर आगे बढ़ना ज्यादा जरूरी है। उनका मानना है कि छोटी-छोटी ऑफिस की बातों का असर अपनी निजी जिंदगी या वीकेंड पर नहीं पड़ने देना चाहिए। नीचे देखें वायरल वीडियो-
वीडियो पर लोगों ने दिए दिलचस्प रिएक्शन
यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स ने कहा कि काश उन्हें नौकरी की शुरुआत में ऐसे सुझाव मिल जाते। वहीं कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि छुट्टी लेना कई बार सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि मैनेजर की मंजूरी पर भी निर्भर करता है। कुछ यूजर्स ने ऑफिस पॉलिटिक्स से निपटने के तरीके भी पूछे। कुल मिलाकर यह वीडियो कॉर्पोरेट लाइफ की उन बातों को सामने लाता है, जिनसे लगभग हर कर्मचारी कभी न कभी गुजरता है।


