एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता फिर मेयर के पद से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाली बेबी रानी मौर्य ने उत्तराखंड की राज्यपाल तक की अहम भूमिका निभाई है। इस बार विधानसभा चुनाव में बेबी रानी मौर्य ने आगरा ग्रामीण सीट से बड़ी जीत दर्ज की है। योगी आदित्यनाथ सरकार में बेबी रानी मौर्य को अहम जिम्मेदारी मिलने जा रही है। वे प्रदेश सरकार में मंत्री बन गई हैं।
यूपी चुनाव 2022 में बलिया से जीत दर्ज करने के बाद दयाशंकर सिंह को अहम जिम्मेदारी दी गई है। दयाशंकर सिंह ने राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन के दौरान ही की थी। इसके बाद वह कई अहम पदों पर भी रहें। यूपी चुनाव के दौरान वह सरोजनीनगर सीट से टिकट की मांग कर रहे थे हालांकि उन्हें बलिया से प्रत्याशी बनाया गया था।
वाराणसी की शिवपुर विधानसभा के विधायक अनिल राजभर को एक बार फिर योगी सरकार 2.0 में मंत्री पद दिया गया है। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा चुनाव में अनिल राजभर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे।
यूपी चुनाव 2022 में कन्नौज से जीत दर्ज करने के बाद असीम अरुण को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। चुनाव से पहले ही वह वीआरएस लेकर राजनीति में आए थे। जिसके बाद पार्टी की ओर से उन्हें टिकट दिया गया था।
योगी सरकार 2.0 में एके शर्मा को भी मंत्री बनाया गया है। योगी सरकार के पिछले कार्यकाल के दौरान भी कई बार यह कयास लगाए गए थे कि अरविंद कुमार शर्मा को मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि उस दौरान ऐसा नहीं हुआ। लेकिन यूपी चुनाव 2022 में बीजेपी को मिली जीत के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।
योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में कई मंत्रियों की छुट्टी हुई तो वहीं कुछ नए नामों को जगह मिली है। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, जल शक्ति मंत्री रहे डॉक्टर महेंद्र सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री रहे सतीश महाना को भी नई कैबिनेट में शामिल नहीं किया गया।
योगी सरकार 2.0 के शपथग्रहण समारोह में योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान डिप्टी सीएम के लिए केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी वहां पर शपथ ग्रहण की। शपथग्रहण के दौरान लोगों का उत्साह देखने को मिला।
योगी आदित्यनाथ 2.0 के शपथग्रहण से पहले मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। बीते दिनों कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए थे कि वह कार्यक्रम में शामिल होने से पहले स्थानीय मंदिरों में पूजन अवश्य करें। इसी कड़ी में यह पूजा अर्चना अलग-अलग मंदिरों में देखने को मिली।
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम के अंदर लोगों में जश्न का माहौल नजर आ रहा है। शपथ समारोह से पहले रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। कालाकार बैंड ढोल की धुन में नृत्य की प्रस्तुति दे रहे है।
यूपी के मुख्यमंत्री आज लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में शपथ लेने जा रहे हैं। इसके लिए सूचना विभाग ने पूरी तैयारी पूरी कर ली है। शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर धाम के अंदर दो स्थानों पर होगा। इसके साथ ही शहर के अलावा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के मुख्यालयों पर इसके लिए बड़ी एलईडी वॉल भी लगाई गई हैं।