- Home
- Photos
- धर्मशाला पहुंचे PM मोदी, कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, असम में बाढ़, 12 तस्वीरों से जानें देश का आंखों देखा हाल
धर्मशाला पहुंचे PM मोदी, कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, असम में बाढ़, 12 तस्वीरों से जानें देश का आंखों देखा हाल
नई दिल्ली. गर्मी से थोड़ी बहुत राहत जरूर मिल रही है लेकिन देश का सियासी तापमान अभी भी गर्म है। कांग्रेस ने आज देशभर में राजभवन घेराव का आह्वान किया और उनके कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के सिलसिसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मशाला पहुंचे। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सैनिकों से मुलाकात करके उनका उत्साहवर्धन किया। असम में बाढ़ से जनजीवन त्रस्त है तो मंत्री भी जायजा लेने पानी में उतरे। वहीं दिल्ली में LGBTQ परेड का आयोजन किया गया। इन तस्वीरों के माध्यम से देखिए देश में कहां क्या-क्या हुआ...
| Published : Jun 16 2022, 05:51 PM IST / Updated: Jun 16 2022, 06:41 PM IST
- FB
- TW
- Linkdin
आसियान विदेश मंत्रियों की मीटिंग
गुरूवार को नई दिल्ली में आसियान देशों के विदेश मंत्रियों की मीटिंग के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद रहे। नई दिल्ली में आयोजित विशेष आशियान-भारत विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
धर्मशाला पहुंचे पीएम मोदी
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी सिलसिले में गुरूवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंचे। जहां उन्होंने रोड शो भी किया। स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री स्वागत किया और उन्हें छूने की होड़ मची रही।
हैदराबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन
राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में उबाल है। गुरूवार को हैदराबाद में राजभवन घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा।
लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और पुलिस से भी झड़प हुई। लखनऊ में कई स्थानों पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।
सशस्त्र बलों के बीच रक्षामंत्री
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गुरूवार को जम्मू कश्मीर पहुंचे और श्रीनगर में सशस्त्र बलों के जवानों के साथ बातचीत की। इस दौरान रक्षामंत्री ने सेनाओं का हौंसला बढ़ाया और हर मोर्चे पर मुस्तैदी के लिए उनकी तारीफ की।
दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन
राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में सबसे ज्यादा प्रदर्शन राजधानी दिल्ली में हो रहा है। गुरूवार को पार्टी कार्यकर्ताओं खासकर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान दिल्ली पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बाढ़ का जायजा लेने उतरे असम के मंत्री अशोक सिंघल
असम में बाढ़ से हालात काफी खराब हो गए हैं। गुरूवार को असम के गुवाहाटी में आवास और शहरी मामलों के विभाग मंत्री अशोक सिंघल ने बाढ़ प्रभावित अनिल नगर इलाके का दौरा किया। इस दौरान मंत्री जी खुद पानी में उतरे और लोगों का दुख दर्द साझा किया।
मेघालय में भारी बारिश भूस्खलन से परेशानी
मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स में भूस्खलन की वजह से आवाजाही ठप हो गई। जिले में भारी बारिश के बाद लुमशनोंग पुलिस थानाक्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 का कुछ हिस्सा इस वजह से क्षतिग्रस्त हो गया। कई भारी वाहन फंस गए और यात्रियों को जगह-जगह रूकना पड़ा।
अग्निपथ योजना का व्यापक विरोध बिहार में सारण जिले के छपरा रेलवे स्टेशन पर अग्निपथ योजना के विरोध में ट्रेन में आग लगा दी गई। गुरुवार को ट्रेन में आग लगा दी गई और धुंआ निकलता दिखाई दिया। सरकार ने मंगलवार को लघु अवधि भर्ती योजना की घोषणा की। जिसका विरोध किया जा रहा है।
अधीर हुए कांग्रेस के चौधरी
एक तरफ कांग्रेस ने देश भर में राजभवन घेराव का ऐलान किया वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता अधीररंजन ने केंद्र पर हमला बोला। हालांकि मीडिया से बात करते हुए चौधरी ने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए। हालांकि गर्मी से वे भी काफी परेशान दिखाई दिए।
दिल्ली में LGBTQ परेड का आयोजन नई दिल्ली के शेखसराय इलाके में एलजीबीटीक्यू यानि (लेस्बियन, गे, बाइसेक्सुअल, ट्रांसजेंडर और क्वीर) समुदाय के सदस्य और समर्थकों ने परेड का आयोजन किया। दिल्ली के बाहरी इलाके में हुई गौरव परेड में काफी लोगों ने हिस्सा लिया।
हाय रे गर्मी कैसे मिले राहत
देश के कई राज्यों में इन दिनों पारा 40 के पार चल रहा है। गर्मी का आलम यह है कि आदमी तो क्या जानवर भी परेशान हैं। इसी गर्मी से बचने के पंजाब के अमृतसर में यह लड़का पानी में डुबकियां लगा रहा है। ताकि गर्मी से कुछ तो राहत मिले।