08:25 PM (IST) Nov 11
'मौत के खेल से मत नहीं मिलेंगे'

पीएम मोदी ने बंगाल और केरल की तरफ इशारा करते हुए कहा, जो लोग लोकतांत्रिक तरीकों से हमारा मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, हमें चुनौती नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे कुछ लोगों ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या करने का रास्ता अपनाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में उनको लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार कर वे अपने इरादे पूरे कर लेंगे। मैं उन सभी से आग्रह पूर्वक समझाने का प्रयास भी करता हूं। मुझे चेतावनी देने की जरूरत नहीं है, वो काम जनता-जर्नादन करेगी। पीएम ने कहा कि चुनाव आते हैं, जाते हैं। जय-पराजय का खेल होता रहा है, कभी ये बैठैगा, कभी वो बैठेगा...लेकिन ये मौत का खेल लोकतंत्र में कभी नहीं चल सकता है। 

पीएम ने कहा कि हम लोकतंत्र को समर्पित हैं। देश ने हम पर जो भरोसा रखा है, उस भरोसे को पूर्ण करने के लिए हम प्रतिबद्ध है। हमारे इरादों पर कोई शक नहीं कर सकता। हमारे प्रयासों के प्रति कभी कोई निराश नहीं होता है। 

08:13 PM (IST) Nov 11
पीएम मोदी ने युवाओं से की खास अपील

पीएम मोदी ने कहा, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने। देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।

08:11 PM (IST) Nov 11
'परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा'

पीएम मोदी ने कहा, दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

08:09 PM (IST) Nov 11
21वीं सदी का भारत नए मिजाज का भारत-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 21वीं सदी का भारत, एक नए मिजाज का भारत है। न हमें आपदाएं रोक सकती हैं और न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां। मैं एक नए भारत के उदय को देख रहा हूं। एक ऐसा भारत, जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जो अपने सामर्थ्य को पहचानता है, जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत है। दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

08:08 PM (IST) Nov 11
'भाजपा का साइलेंट वोट देश की नारी शक्ति'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कल से टीवी पर देख रहा हूं, अखबारों पर चर्चा है, साइलेंट वोटर। अब उनकी गूंज सुनाई देने लगी है। भाजपा के पास साइलेंट वोटर का एक ऐसा वर्ग है, जो उसे बार-बार वोट दे रहा है। निरंतर वोट दे रहा है। ये साइलेंट वोटर हैं, देश की माताएं, बहनें, देश की नारी शक्ति। 

पीएम मोदी ने कहा, ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी इलाकों तक महिला वोटर ही भाजपा की सबसे बड़ी साइलेंट वोटर का समूह बन गया है। आखिर ऐसा क्यों है? क्योंकि ये भाजपाई हैं, जिनके शासन में महिलाओं को सम्मान भी मिलता है और सुरक्षा भी मिलती है। बैंक अकाउंट से लेकर बैंक लोन तक। गर्भावस्था के दौरान मुफ्त जांच से लेकर 6 महीने के अवकाश तक, रसोई को धुएं को मुक्त करना हो, या एक रुपए में सेनिटरी पैड देना। ये भाजपा ही जो महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के लिए हर प्रयास कर रहे हैं। इसलिए भाजपा का ये साइलेंट वोटर हर बार अपना आशीर्वाद देती है।

08:05 PM (IST) Nov 11
बिहार तो सबसे खास है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, बिहार तो सबसे खास है। अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है। बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है। बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है ! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है। ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है।

08:00 PM (IST) Nov 11
हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए।

पीएम मोदी ने कहा, आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है।

07:53 PM (IST) Nov 11
विकास सबसे बड़ी कसौटी- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गई है।

07:49 PM (IST) Nov 11
एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला- पीएम मोदी

उन्होंने कहा, भाजपा पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती। भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई। और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटक-तेलंगाना में सफलता मिली। पीएम मोदी ने कहा, इन चुनाव परिणामों में भाजपा को एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला है। इसके लिए भाजपा, एनडीए के लाखों कार्यकर्ता भाइयों-बहनों को जितनी बधाई दूं उतनी कम है। मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिवार जनों को हृदय से बधाई देता हूं।

07:44 PM (IST) Nov 11
एनडीए की जीत का जश्न: पीएम मोदी बोले- कभी भाजपा के पास 2 सीटें थीं, दो कमरों से चलती थी, आज देश के हर कोने में है

पीएम मोदी ने कहा, कभी भाजपा की दो सीटें थीं, दो कमरों से पार्टी चलती थी, आज देश के हर कोने में है, हर किसी के दिल में है। आखिर ये कैसे हुआ, क्यों हुआ, इसका उत्तर कल जो नतीजे आए हैं, उसी में मिल जाता है। साथियों भारत के लोग 21वीं सदी के नागरिक बार बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ इमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो और देश के काम से मतलब रखो। कल के नतीजों ने यह साबित कर दिया, कि अगर आप काम करेंगे, तो लोगों से आशीर्वाद भी मिलेगा।

07:35 PM (IST) Nov 11
एनडीए की जीत का जश्न: पीएम मोदी बोले- कल सुबह से देर रात कर पूरे देश की नजरें टीवी-मोबाइल पर थीं

पीएम मोदी ने कगा, मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं देश के कोटि-कोटि नागरिकों का। धन्यवाद इसलिए नहीं कि उन्होंने चुनावों में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता दी है, इसके तो वो हकदार हैं ही। धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी ने मिलकर बहुत उत्साह से मनाया है। पीएम मोदी ने कहा, कल सुबह से देर रात कर पूरे देश की नजरें टीवी-मोबाइल पर थीं। 

07:23 PM (IST) Nov 11
एनडीए की जीत का जश्न : जेपी नड्डा बोले- जनता ने गुंडा राज के बजाय विकास के राज पर मुहर लगाई

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, बिहार से कर्नाटक, गुजरात, मध्यप्रदेश तक जनता ने मोदी जी के काम पर मुहर लगाई। नड्डा ने कहा, कोरोना महामारी की चपेट में आने के बाद भारत का यह पहला बड़ा चुनाव था। चुनाव में योगदान देने के दृष्टिकोण से, लोगों को हमारे लिए मतदान करने के लिए लाने तक, यह एक बड़ा और परिभाषित करने वाला दौर रहा है।

07:14 PM (IST) Nov 11
बिहार में एनडीए की जीत का जश्न, पार्टी दफ्तर पहुंचे पीएम मोदी, थोड़ी देर में कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

पीएम मोदी पार्टी दफ्तर पहुंच चुके हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। वे थोड़ी देर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। 

 

06:45 PM (IST) Nov 11
एनडीए की जीत का जश्न: भाजपा दफ्तर में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, नड्डा- शाह और राजनाथ पहुंचे
06:39 PM (IST) Nov 11
NDA की जीत का BJP दफ्तर में मन रहा जश्न, नड्डा-शाह पहुंचे; पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

पार्टी दफ्तर पहुंचे अमित शाह

 

06:23 PM (IST) Nov 11
जश्न की तैयारी : भाजपा के दिल्ली दफ्तर में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, जेपी नड्डा भी पहुंचे; थोड़ी देर में पीएम पहुंचेंगे

बिहार चुनाव में मिली एनडीए को जीत का जश्न भाजपा के दिल्ली दफ्तर में शुरू हो गया है। यहां ढोल बाजों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पार्टी दफ्तर पहुंच चुके हैं। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। वहीं, थोड़ी देर में पीएम मोदी के पहुंचने की भी उम्मीद है।  

 

 

पार्टी दफ्तर पहुंचे नड्डा

 

 

 

05:20 PM (IST) Nov 11
तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने नीतीश को दी बधाई, बोले- लोगों की आशाओं को पूरा करने में आप सफल होंगे

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर नीतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने कहा, 'मैं आपके के लिए प्रार्थना करता हूं कि बिहार के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में जो भी चुनौतियां हैं, उन्हें पूरा करने में आप सफल होंगे।

04:34 PM (IST) Nov 11
भाजपा के दिल्ली दफ्तर में एनडीए की जीत के जश्न की तैयारियां शुरू, पीएम मोदी भी कार्यक्रम में होंगे शामिल

 बिहार में एनडीए को जीत मिली है। इस जीत के जश्न को लेकर दिल्ली के भाजपा दफ्तर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम मोदी भी दफ्तर पहुंचेंगे। यहां वे कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। 

04:00 PM (IST) Nov 11
गिरिराज सिंह ने कहा, RJD ने जो भी बोला झूठ था, तेजस्वी ने झूठा वादा किया

बिहार चुनाव: गिरिराज सिंह ने कहा, तेजस्वी ने 10 लाख नौकरियों का वादा किया। RJD ने जो भी बोला सब झूठ था। राजद अपने कार्यकाल में 1 लाख नौकरी भी नहीं दे पाई थी। झूठे वादे किए थे। 
 

02:36 PM (IST) Nov 11
सुशील मोदी बोले- चिराग की पार्टी एलजेपी की वजह से एनडीए को 25-30 सीटों का नुकसान हुआ

बिहार में भाजपा नेता सुशील मोदी ने यह माना है कि विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी के अलग चुनाव लड़ने की वजह से एनडीए को नुकसान पहुंचा है। सुशील मोदी ने कहा, एलजेपी की वजह से एनडीए को 25-30 सीटों का नुकसान हुआ है।