उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप कांड मामले में शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और डीजीपी एचसी अवस्थी हाथरस पहुंचे थे। दोनों अफसर वापस लखनऊ लौट चुके है। लखनऊ पहुंचते ही अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और डीजीपी एचसी अवस्थी ने सीएम योगी से मुलाकात करके मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी। वहीं अपर मुख्य सचिव और डीजीपी ने पीड़ित परिवार से करीब आधे घंटे तक बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। दोनों आला अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए थे।
- Home
- National News
- हाथरस गैंगरेप केस : CM योगी आदित्यनाथ ने की CBI जांच की सिफारिश, ट्वीट कर दी जानकारी
| Published : Oct 03 2020, 01:31 PM IST / Updated: Oct 03 2020, 09:53 PM IST
हाथरस गैंगरेप केस : CM योगी आदित्यनाथ ने की CBI जांच की सिफारिश, ट्वीट कर दी जानकारी
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में 22 साल की लड़की के साथ कथित गैंगरेप की घटना के बाद योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। 14 सितंबर को लड़की के साथ कथित गैंगरेप हुआ। 29 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना पर कांग्रेस सहित सपा-बसपा योगी सरकार पर लगातार सवाल खड़े कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ योगी सरकार ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है जो 7 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी।
- FB
- TW
- Linkdin
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा हाथरस पीड़िता के घर पहुंच गए। दोनों घर के अंदर गए। वहीं दूसरी तरफ पीड़िता का परिवार लगातार मांग कर रहा है कि डीएम को हटाया जाए। बता दें कि परिवार के लोग पिछले एक घंटे से घर के दरवाजे बंद रखे थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि राहुल-प्रियंका आए हैं तो उन्होंने दरवाजा खोला।
भाजपा प्रवक्ता शलभमणि त्रिपाठी ने राहुल और प्रियंका गांधी का हाथरस जाते हुए एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में आरोप लगाया है कि राहुल और प्रियंका हंसी ठहाके लगा रहे हैं।
यूपी पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हाथरस जाने की इजाजत मिल गई है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि सिर्फ 5 लोग ही जा सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ राहुल कांग्रेस के 35 सांसदों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें नोएडा बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज किया।
यूपी अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा, जो भी जनप्रतिनिधि आना चाहेंगे, पांच लोगों को आने की अनुमति होगी। हमारी 3 अधिकारियों की SIT वहां जाएगी। जहां तक परिवार से मिलने की बात है, 5 लोग अगर कहीं भी जाएंगे, कोई भी जाना चाहेगा तो जा सकता है।
पीड़िता परिवार से 45 मिनट की मुलाकात के बाद डीजीपी ने कहा, परिवार के एक-एक सदस्य से बात की। वहीं मुलाकात के बाद पीड़िता के भाई ने कहा कि डीजीपी ने न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। घर के लोगों ने कहा कि अंतिम संस्कार का कोई फोटो दिखा दें कि वह मेरी बहन ही थी, जिसके बाद हम अपनी बहन को श्रद्धांजलि दे सके। परिवार ने सवाल किया कि जल्दबाजी में अंतिम संस्कार क्यों किया गया?
राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के कई सांसद एक बस में बैठकर हाथरस में पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए निकले हैं। राहुल गांधी और प्रियंका एक गाड़ी से निकले हैं। प्रियंका गांधी उस गाड़ी को ड्राइव कर रही हैं।
हाथरस के बुलीगढ़ गांव में पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए राहुल और प्रियंका गांधी एक ही गाड़ी से निकले हैं। आज गाड़ी खुद प्रियंका गांधी चला रही थीं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2 दिन बाद फिर से हाथरस में पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए निकल गए हैं। इससे पहले गुरुवार को राहुल और प्रियंका को हाथरस जाते वक्त ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया गया था। दोनों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले पुलिस और राहुल सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने राहुल की कॉलर भी पकड़ी थी। धक्कामुक्की में वे नीचे गिर गए, और हाथ में चोट लग गई। राहुल और प्रियंका को 4 घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया। हाथरस के लिए निकलने से पहले राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, दुनिया की कोई भी ताक़त मुझे हाथरस के इस दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती।
दोनों अधिकारियों से पीड़िता के पिता और भाई बात कर रहे हैं। बीच-बीच में पिता अधिकारियों के सामने हाथ जोड़ रहे हैं। बातचीत के दौरान मीडिया को दूर ही रखा गया है। एक रस्सी के जरिए घेरा बना दिया गया, जिसके बाहर ही मीडिया को रहने के लिए कहा गया है। इस मुलाकात के दौरान जिले के डीएम मौजूद नहीं थे। 14 सितंबर को इस परिवार की 22 साल की लड़की से कथित गैंगरेप हुआ था।
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी पीड़िता के परिवार से मिलने पहुंचे। दोनों अधिकारियों के आने से पहले पीड़िता के घर में चटाई बिछाई गई। दोनों अधिकारी जब पीड़िता के घर पहुंचे तो जमीन पर उसी चटाई पर बैठे और परिवार के लोगों से बात की।
अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी और डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी हाथरस पहुंच गए हैं और पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ान भरी। वह कुछ ही देर में हाथरस पहुंच पीड़िता के परिवार से मुलाकात करेंगे।
हाथरस की घटना पर रामदास अठावले ने कहा, हाथरस में लड़की की मौत मानवता पर कलंक लगाने वाली घटना है। मायावती राजनीति कर रही हैं। उन्हें योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगने का कोई अधिकार नहीं है। वो CBI जांच की मांग कर रही हैं जबकि SIT द्वारा वहां मजबूत जांच हो रही है। परिवार खुद CBI जांच से इनकार कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा करीब 35 सांसदों के साथ हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने जा सकते हैं। इधर उत्तर प्रदेश प्रशासन ने भी तैयारी कर ली है। नोएडा बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
राहुल गांधी के आज हाथरस जाने पर बोले कांग्रेस के पूर्व लोकसभा सांसद के सी वेणुगोपाल, 'हमारा मकसद सिर्फ परिवार से मिलना और उनकी शिकायतें सुनना है।
दिल्ली नोएडा डायरेक्ट (DND) पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीएनडी पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कांग्रेस के कार्यकर्ता डीएनडी पहुंचने लगे हैं। वहीं, राजधानी लखनऊ में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। लखनऊ के बहुखंडी स्थित लल्लू के आवास पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।