09:00 PM (IST) Oct 04
सीएम योगी का पलटवार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, जिसे विकास अच्छा नहीं लग रहा, वे लोग देश में और प्रदेश में भी जातीय दंगा, सांप्रदायिक दंगा भड़काना चाहते हैं, इस दंगे की आड़ में विकास रुकेगा। इस दंगे की आड़ में उनकी रोटियां सेंकने के लिए उनको अवसर मिलेगा, इसलिए नए-नए षड्यंत्र करते रहते हैं। 

05:40 PM (IST) Oct 04
चंद्रशेखर आजाद ने की परिवार के लिए Y सिक्योरिटी की मांग

भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद ने हाथरस पीड़ित परिवार के लिए सरकार से Y सिक्योरिटी की मांग की है। उन्होंने कहा,'परिवार गांव में सुरक्षित नहीं है, इसलिए उन्हें Y सिक्योरिटी दी जाए या फिर वो उन्हें अपने साथ अपने घर ले जाएंगे। वो चाहते हैं कि इस केस की जांच किसी सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में निष्पक्ष हो।'

 

04:22 PM (IST) Oct 04
पीड़िता के गांव पहुंचे चंद्रशेखर, परिवालों से कर रहे बात

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर हाथरस गैंगरेप पीड़िता के गांव पहुंच चुके हैं। वो पीड़िता के घर पहुंच परिवालों से बात कर रहे हैं। चंद्रशेखर को पुलिस ने पीड़िता के गांव से 20 किलोमीटर पहले ही रोक लिया था। हालांकि, बाद में उन्हें पीड़िता के परिजनों से मिलने जाने की अनुमति दे दी गई।

04:21 PM (IST) Oct 04
हाथरस में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज पर बरसे अखिलेश यादव

राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलने हाथरस पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज हुआ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इसकी निंदा की है। उन्होंने लिखा, 'हाथरस में बलात्कार की शिकार मृतका के परिवार से मिलने गये राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता श्री जयंत चौधरी पर शासन, प्रशासन और पुलिस का लाठीचार्ज घोर निंदनीय है. सरकार दंभ छोड़ उन्हें तत्काल सुरक्षा दे।'

 

02:36 PM (IST) Oct 04
RLD के कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, महिला कांस्टेबल से बदसलूकी का आरोप

हाथरस में आज फिर से बवाल होता दिखाई दे रहा है। पुलिस और आरएलडी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई है। पुलिस का कहना है कि पांच लोगों को इजाजत थी, लेकिन ज्यादा संख्या में कार्यकर्ता जा रहे थे। इस बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस का आरोप है कि वहां मौजूद आरएलडी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की और महिला कांस्टेबल के साथ बदसलूकी भी की। पुलिस के एक जवान को पथराव से चोट के भी आरोप हैं। हालांकि, कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन पर बेवजह लाठीचार्ज किया।

02:31 PM (IST) Oct 04
पीड़िता का भाई बोला- 'DM को करो सस्पेंड'

मीडिया से बातचीत करते हुए पीड़िता के भाई ने मांग की और कहा, 'इस मामले की पूरी जांच सुप्रीम कोर्ट के एक जज की निगरानी में की जाए और हम चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) को सस्पेंड हो।'

 

02:13 PM (IST) Oct 04
पुलिस ने रोकी गाड़ी तो पैदल निकले चंद्रशेखर

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर की गाड़ियां अलीगढ़ से हाथरस जाते हुए 20 किलोमीटर पहले रुकवा दी गई हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि 'हम पैदल ही अलीगढ़ से हाथरस जा रहे हैं। हाथरस में पुलिस द्वारा गाड़ी रुकवाने के बाद पैदल ही पीड़ितों के घर के लिए निकल गए।'

02:12 PM (IST) Oct 04
पीड़ित परिवार से मिले सपा नेता, कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

कांग्रेस के बाद आज समाजवादी पार्टी के एक डेलिगेशन ने हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। सपा नेता धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव, सपा विधायक संजय लठार, जयवीर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने यूपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। वहीं सपा कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज किया।
 

01:45 PM (IST) Oct 04
SP ने लिया घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा

एसपी विनीत जायसवाल ने घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।

 

01:42 PM (IST) Oct 04
पीड़ता के घर पहुंची मेडिकल टीम

SIT के अनुरोध के बाद हाथरस में पीड़िता के घर मेडिकल टीम पहुंची है। दरअसल, टीम पीड़िता के पिता के स्वास्थ्य की जांच के लिए उनके घर पहुंची है। उनकी तबीयत बिगड़ रही थी।

 

01:21 PM (IST) Oct 04
प्रियंका का सवाल, 'क्यों नहीं हटे DM'

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि 'हाथरस के पीड़ित परिवार के अनुसार सबसे बुरा बर्ताव डीएम का था। उन्हें कौन बचा रहा है? उन्हें अविलंब बर्खास्त कर पूरे मामले में उनके रोल की जांच हो। परिवार न्यायिक जांच मांग रहा है तब क्यों सीबीआई (CBI) जांच का हल्ला करके SIT की जांच जारी है। यूपी सरकार यदि जरा भी नींद से जागी है तो उसे परिवार की बात सुननी चाहिए। 
 

12:46 PM (IST) Oct 04
आरोपियों के परिवारों के साथ सवर्णों की महापंचायत

आसपास के गांवों के ठाकुर समाज ने आज फिर महापंचायत बुलाई है। ठाकुरों का कहना है कि महापंचायत में अभियुक्तों के परिजन अपनी बात सबूतों के साथ रखेंगे और पीड़ित के परिवार को एक्सपोज किया जाएगा। अब इलाके का ठाकुर समाज इस घटना के खिलाफ और तेजी से लामबंद हो रहा है।

ठाकुरों का कहना है कि उनके समाज के चार युवकों को झूठा फंसाया जा रहा है और पुलिस और प्रशासन मीडिया और राजनेताओं के दबाव में काम कर रहा है। आज भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर आजाद को भी पीड़ित के गांव पहुंचना है। इससे वहां पारा और भी बढ़ सकता है।

12:26 PM (IST) Oct 04
निर्भया की वकील हाथरस रवाना, पीड़ित परिवार से करेंगी मुलाकात

निर्भया की वकील रही सीमा समृद्धि दिल्ली से हाथरस के लिए रवाना हो गई हैं। पीड़िता का केस लड़ने के लिए परिवार ने मिलने के लिए बुलाया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'इस मामले में फेयर ट्रायल के लिए इस केस को दिल्ली में ट्रांसफर कराने की कोर्ट में अर्जी लगाएंगी।'

12:24 PM (IST) Oct 04
AIDWA के सदस्य पीड़ित परिवार से मिले

लेफ्ट पार्टी के महिला विंग AIDWA के सदस्य पीड़िता के गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। संगठन के 5 सदस्य पीड़ित परिवार से मिले।

12:23 PM (IST) Oct 04
महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने किया ट्वीट

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने यूपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 'यूपी की सत्ता में बैठी पार्टी का विधायक कहता है कि बलात्कार रोकने हैं तो लड़कियों को संस्कार दो। ऐसी घटिया सोच के लोगों को ऐसे पदों पर बिठाया है, इसलिए प्रदेश में बेटियों को नोचा जा रहा है। कोई इस घटिया आदमी से पूछे 3 महीने की बच्चियां जिनका बलात्कार होता है क्या वो भी असंस्कारी हैं?'

 

11:46 AM (IST) Oct 04
DM पर कार्रवाई क्यों नहीं? : मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर कहा,'हाथरस गैंगरेप काण्ड के पीड़ित परिवार ने जिले के डीएम पर धमकाने आदि के कई गंभीर आरोप लगाए हैं, फिर भी यूपी सरकार की रहस्मय चुप्पी दुःखद व अति-चिन्ताजनक। हालाँकि सरकार CBI जाँच हेतु राजी हुई है, किन्तु उस डीएम के वहाँ रहते इस मामले की निष्पक्ष जाँच कैसे होे सकती है? लोग आशंकित।'

 

11:23 AM (IST) Oct 04
पीड़ित परिवार से मिलेंगे चंद्रशेखर

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद हाथरस में पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। वो हाथरस के लिए रवाना भी हो चुके हैं।

11:15 AM (IST) Oct 04
पीड़िता के घर परिवार का बयान लेने पहुंची SIT

हाथरस मामले में पीड़ित परिवार का बयान लेने SIT उनके घर पहुंच चुकी है और वो परिवार के हर सदस्य से पूछताछ कर रही है।

 

11:09 AM (IST) Oct 04
हाथरस में सीबीआई जांच से कई परेशानः राजा भैया

राजा भैया ने कहा कि हम सभी सहमत हैं कि 'हाथरस काण्ड में स्थानीय प्रशासन ने असंवेदनशीलता बरती, पर आश्चर्य है कि CBI जाँच के निर्णय से कई लोगों के पेट में दर्द शुरू हो गया है।समय के साथ सच्चाई सामने आयेगी, सत्यमेव जयते 🙏🏼'