07:20 PM (IST) Sep 23
असम के CM ने की PFI पर बैन लगाने की मांग

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पीएफआई पर बैन लगाया जाए। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम पुलिस ने पीएफआई के कुछ कार्यकर्ताओं को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद नगरबेड़ा में कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, हमने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। असम सरकार लगातार केंद्र से पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध कर रही है।
 

07:08 PM (IST) Sep 23
किशनगंज में अमित शाह ने की कोर कमेटी के साथ बैठक

दो दिन के बिहार दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज स्थित माता गुजरी विश्वविद्यालय में राज्य कोर कमेटी के साथ बैठक की। इससे पहले पूर्णिया में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि 2024 के चुनाव में राजद और जदयू का बिहार से सूपड़ा साफ हो जाएगा।
 

06:47 PM (IST) Sep 23
जेपी नड्डा ने कहा- डीएमके चला रही वंशवादी शासन

तमिलनाडु के मदुरै में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि डीएमके सरकार राज्य में ओछी राजनीति कर रही है। डीएमके ने तमिलनाडु के लोगों को गुमराह किया है। डीएमके के नेता वंशवादी शासन चला रहे हैं और भ्रष्टाचार को वैध बना रहे हैं। D का मतलब वंशवाद, M का मतलब पैसे की ठगी, K का मतलब कट्टा पंचायत।
 

06:41 PM (IST) Sep 23
डॉ राजीव बहल बने ICMR के महानिदेशक

डॉ राजीव बहल को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वह स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सह सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
 

06:37 PM (IST) Sep 23
पीएम उम्मीदवार नहीं नीतीश कुमार: ललन सिंह

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीएम उम्मीदवार नहीं हैं। वह केवल विपक्षी दलों को एकजुट करने में सूत्रधार बनना चाहते हैं। विपक्ष की एकता से ही भारत भाजपा मुक्त हो सकता है। नीतीश कुमार सीबीआई या ईडी से नहीं डरते। जिस तरह से बीजेपी सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है, वह पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। बीजेपी स्थापित और भरोसेमंद संस्थानों की विश्वसनीयता को खत्म कर रही है। राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है।

06:16 PM (IST) Sep 23
दिलीप तिर्की बने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष

भारत के पूर्व हॉकी कप्तान दिलीप तिर्की को हॉकी इंडिया (HI) का अध्यक्ष चुना गया है। दिलीप तिर्की को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है। उनके विरोधियों उत्तर प्रदेश हॉकी प्रमुख राकेश कत्याल और झारखंड हॉकी प्रमुख बोला नाथ सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। हॉकी इंडिया के चुनाव 1 अक्टूबर को होने थे। तिर्की की नियुक्ति की घोषणा शुक्रवार (23 सितंबर) को की गई।
 

05:59 PM (IST) Sep 23
नवीन पटनायक के पास है 64.97 करोड़ की संपत्ति

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की संपत्ति एक साल में एक लाख रुपए घट गई है। उनके पास दिसंबर, 2021 तक 64.97 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। यह एक साल पहले 64.98 करोड़ रुपए थी। एक आधिकारिक पोर्टल से यह जानकारी सामने आई है। इस पोर्टल पर ओडिशा के सभी मंत्री अपनी संपत्ति का विवरण जमा करते हैं। पटनायक के पास 12.09 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। उनके पास  3.45 लाख रुपए के सोने के गहने हैं। वह 1980 मॉडल की एम्बेस्डर कार के मालिक हैं, जिसकी कीमत 6,434 रुपए बताई गई है। मुख्यमंत्री के दो बैंक खातों में 72 लाख रुपए और 21.71 लाख रुपए जमा थे।

05:46 PM (IST) Sep 23
पुणे में पीएफआई कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया

महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने पीएफआई के 35 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वे पुणे जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। बुंदगार्डन थाना के सीनियर इंस्पेक्टर प्रताप मानकर ने कहा कि 35-40 पीएफआई कार्यकर्ताओं को बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने के चलते हिरासत में लिया गया है। 
 

05:37 PM (IST) Sep 23
अमेरिका की सफाई- रूस पर भारत के स्टैंड के चलते पाकिस्तान को नहीं दी F-16 पैकेज

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने पाकिस्तान के लड़ाकू विमान F-16 के लिए जरूरी प्रमुख पुर्जे देने की घोषणा की है। अमेरिका पाकिस्तान को यह मदद F-16 विमान को उड़ने लायक बनाए रखने के लिए दे रहा है। पाकिस्तान को मिली अमेरिकी मदद पर भारत की ओर से आपत्ति जताई गई थी। इसपर अमेरिका की ओर से सफाई दी गई है। 

अमेरिका के रक्षा विभाग के अधिकारी ने कहा है कि पाकिस्तान को F-16 विमान के लिए दी जा रही मदद भारत के लिए कोई संदेश नहीं है।  दरअसल, रूस यूक्रेन जंग के बाद भारत का स्टैंड रूस के प्रति अमेरिका और उसके सहयोगी देशों से अलग रहा है। सहायक रक्षा सचिव (इंडो-पैसिफिक सिक्योरिटी अफेयर्स) एली रैटनर से पत्रकारों ने पूछा कि क्या एफ-16 को अपग्रेड करना और यूएस-पाकिस्तान रक्षा सहयोग पर बातचीत भारत के लिए रूस पर तटस्थता का संदेश था। इसपर एली रैटनर ने कहा कि नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं है।

05:24 PM (IST) Sep 23
अधीर रंजन चौधरी बोले- राहुल गांधी को नहीं पद की जरूरत

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि राहुल गांधी स्वाभाविक नेता हैं। उन्हें किसी पद की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष नहीं होंगे। अब बीजेपी की गांधी परिवार को नीचा दिखाने की कोशिश बंद होनी चाहिए। कांग्रेस में लोकतंत्र है। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे, लेकिन क्या बीजेपी ने चुनाव किया था? उनके अध्यक्ष का फैसला नागपुर में लिया गया।
 

05:22 PM (IST) Sep 23
NHAI के चीफ जनरल मैनेजर को CBI ने किया गिरफ्तार

सीबीआई ने एनएचएआई के एक मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) को 5 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक निजी कंपनी के दो कर्मियों को रिश्वत देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुख्य महाप्रबंधक पटना स्थित रिजनल ऑफिस में घूस ले रहे थे। इसके बाद सीबीआई ने आठ विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली। सीजीएम परिसर से करीब 60 लाख रुपए बरामद हुए हैं।
 

04:49 PM (IST) Sep 23
असदुद्दीन ओवैसी ने की मुस्लिमों का आरक्षण बढ़ाने की मांग

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिमों का आरक्षण बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया कि तेलंगाना सरकार को सुधीर आयोग के सुझाव के अनुसार पिछड़े मुस्लिम कोटा को बढ़ाकर 8-12% करना चाहिए। तेलंगाना के मुसलमानों की जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति की तुलना में मौजूदा 4% आरक्षण अपर्याप्त है।
 

04:43 PM (IST) Sep 23
उद्धव गुट को मिली शिवाजी पार्क में दशहरा रैली की अनुमति

बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिवसेना के उद्धव गुट को मुंबई के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली करने की अनुमति दे दी है। बीएमसी के फैसले पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने उद्धव गुट को 5 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रैली करने की अनुमति दी है। कोर्ट ने कहा कि शिवसेना के आवेदन को खारिज करना सही नहीं है। बीएमसी ने अपनी ताकत का दुरुपयोग किया है।

04:38 PM (IST) Sep 23
त्रिपुरा में भाजपा विधायक ने दिया इस्तीफा

त्रिपुरा के कारबुक विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बरबा मोहन त्रिपुरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष को इस्तीफा पत्र सौंपा।
 

04:24 PM (IST) Sep 23
बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज की एकनाथ शिंदे गुट की याचिका

बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिवाजी पार्क में दशहरा रैली की अनुमति मांगने वाली शिवसेना के दोनों गुटों (एकनाथ शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट) की याचिकाओं पर सुनवाई की। कोर्ट ने एकनाथ शिंदे गुट के विधायक सदा सर्वंकर की याचिका को खारिज कर दिया। सर्वंकर ने आवेदन दायर कर कोर्ट से गुहार लगाई थी कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की याचिका पर सुनवाई नहीं की आए और फैसला नहीं सुनाया जाए।शिवाजी पार्क में शिवसेना के दोनों गुट दशहरा रैली करना चाहते थे। कानून-व्यवस्था बिगड़ने के खतरे को देखते हुए बीएमसी ने दोनों गुटों को रैली की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

04:13 PM (IST) Sep 23
6-10 महीने में आएगा नया दूरसंचार बिल

केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नया दूरसंचार बिल छह से दस महीने में आने की उम्मीद है। सरकार को कोई जल्दी नहीं है। फाइनल बिल लागू करने की समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इसपर अभी परामर्श चल रहा है। बातचीत के आधार पर अंतिम मसौदा तैयार होगा। इसके बाद मसौदा संसद की समिति प्रक्रियाओं से गुजरेगा फिर इसे संसद में पेश किया जाएगा। इसमें 6-10 महीने लग सकते हैं। हम जल्दी में नहीं हैं।

03:58 PM (IST) Sep 23
ढाई साल बाद भूटान ने खोला इंटरनेशनल बॉर्डर

कोरोना महामारी के चलते भूटान ने ढाई साल बाद इंटरनेशनल बॉर्डर खोला है। भूटान के राजदूत मेजर जनरल वेत्सोप नामग्याल ने कहा कि भूटान आने वाले लोगों को क्वारंटाइन में नहीं रहना होगा। उनकी कोरोना जांच नहीं होगी। यात्रियों को सिर्फ कोरोना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाना होगा। हमने अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को खोलने में ढाई साल का समय लिया, क्योंकि महामारी के दौरान हमारी प्राथमिकता जानमाल के नुकसान को रोकना था। इसलिए हमने बहुत कड़े कदम उठाए। यह बहुत प्रभावी था। भूटान में COVID-19 से शायद ही किसी की मौत हुई।

03:51 PM (IST) Sep 23
कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में नहीं हैं दिग्विजय सिंह

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में नहीं हैं। दिग्विजय ने कहा, "मैं पहले ही कह चुका हूं और दोहरा रहा हूं कि मुझे पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है।" आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के दिल्ली में एक मस्जिद और मदरसे का दौरा करने के बारे में उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का परिणाम है।

03:43 PM (IST) Sep 23
ओडिशा में मिले कोरोना के 202 नए संक्रमित

ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना के 202 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 45 बच्चे हैं। गुरुवार को यहां 252 कोरोना संक्रमित मिले थे। ओडिशा में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 1,400 है। यहां कोरोना से 9,186 मरीजों की मौत हुई है। 
 

03:17 PM (IST) Sep 23
इसरो ने बनाया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाला घुटना

इसरो ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाला कृत्रिम घुटना बनाया है। इसकी मदद से घुटने से ऊपर के दिव्यांग लोग आराम से चल पाएंगे। 1.6 किलोग्राम वजनी यह घुटना माइक्रोप्रोसेसर से कंट्रोल होता है। इसकी मदद से दिव्यांग व्यक्ति थोड़े से समर्थन के साथ एक बार में करीब 100 मीटर तक चल सकता है। इसरो ने कहा है कि कृत्रिम घुटना को और बेहतर किया जा रहा है।