07:05 PM (IST) Sep 24
शिवाजी महाराज की भूमि पर बर्दाश्त नहीं करेंगे 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे

पुणे में पीएफआई के प्रदर्शनकारियों द्वारा 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि "छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि" पर "राष्ट्र-विरोधी" नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

एकनाथ शिंदे ने ट्वीट किया, “पुणे में जिस तरह के राष्ट्र-विरोधी 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए, उसके लिए जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। पुलिस निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेगी। शिवाजी की भूमि पर इस तरह के नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।"

06:53 PM (IST) Sep 24
पाकिस्तान में हिंदू महिला और 2 किशोरियों को अगवा कर कराया धर्म परिवर्तन

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू समुदाय की एक महिला और दो किशोरियों का अपहरण कर लिया गया है। इनमें से दो का जबरन इस्लाम में धर्म परिवर्तन कर उनकी शादी मुस्लिम पुरुषों से कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि 14 साल की मीना मेघवार को नसरपुर इलाके से अगवा कर लिया गया। वहीं, मीरपुरखास कस्बे के बाजार से घर लौटते समय एक अन्य हिंदू किशोरी का अपहरण कर लिया गया। मीरपुरखास में तीन बच्चों की मां हिंदू महिला को अगवा किया गया और धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी मुस्लिम व्यक्ति से कर दी गई। 
 

06:38 PM (IST) Sep 24
आरिफ मोहम्मद ने कहा- PFI के लोगों पर कार्रवाई करे सरकार

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने PFI द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के छापे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर कहा कि ये हिंसा का सहारा लेकर अपने राजनीतिक मुद्दे को राह देना चाहते हैं। सरकार को ऐसे लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। कल जो भी हुआ वह अराजकता थी। हिंसा करने वाला व्यक्ति कानून के शासन और लोकतंत्र का अपमान करता है। इस संस्थान (PFI) के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें आ चुकी हैं।

06:27 PM (IST) Sep 24
तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर जाएंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर से तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर जाएंगे। वह माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा करेंगे। इसके साथ ही दो रैलियों को संबोधित करेंगे। जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव और पूर्व मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि इस यात्रा को विधानसभा चुनावों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हालांकि एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि अमित शाह की रैलियों से बीजेपी के चुनावी अभियान की शुरुआत होगी।
 

06:14 PM (IST) Sep 24
सीबीआई ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर को किया गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) फोन टैपिंग मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर संजय पांडे को गिरफ्तार किया है। उन्हें पहले ईडी ने गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में थे। दिल्ली की एक अदालत ने सीबीआई को संजय पांडे की 4 दिन की सीबीआई रिमांड दी। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई के पास जांच आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त आधार हैं।

05:39 PM (IST) Sep 24
सुएला ब्रेवरमैन को मिला पहला क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय पुरस्कार

ब्रिटेन की भारतीय मूल की गृह सचिव सुएला ब्रेवरमैन को लंदन में एक समारोह में पहली बार महारानी एलिजाबेथ द्वितीय वुमन ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया है। सुएला ब्रेवरमैन को इस महीने की शुरुआत में ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस द्वारा कैबिनेट में नियुक्त किया गया था। 
 

05:32 PM (IST) Sep 24
सीरिया के पास समुद्र में डूबा जहाज, 86 प्रवासियों की मौत

लेबनॉन और सीरिया के प्रवासियों से भरा एक जहाज सीरिया के पास समुद्र में डूब गया। हादसे में 86 लोगों की मौत हुई है। सभी प्रवासी शरण लेने के लिए दूसरे देश जा रहे थे। जहाज 20 सितंबर को लेबनान के मिनेह से रवाना हुआ था। वह 22 सितंबर डूब गया। 23 सितंबर को जहाज की पहचान हुई।
 

04:29 PM (IST) Sep 24
अंकिता भंडारी के शव को परिजन ले गए घर

अंकिता भंडारी के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन एम्स ऋषिकेश से अपने घर ले गए। अंकिता का शव शनिवार सुबह चिल्ला नहर से बरामद किया गया था। 
 

03:31 PM (IST) Sep 24
अंकिता भंडारी हत्याकांड, पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर जुटे लोग

अंकिता भंडारी हत्याकांड में लोगों को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। शनिवार सुबह चिल्ला नहर से शव बरामद किया गया था। एम्स ऋषिकेश में शव का पोस्टमॉर्टम चल रहा है। पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए हैं। 
 

03:19 PM (IST) Sep 24
रविवार को गुजरात जाएंगे केजरीवाल और मान

गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) पूरा दम लगा रही है। रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुजरात जाएंगे। दोनों नेता युवाओं, सफाई कर्मियों और गुजरात सरकार के अस्थायी कर्मचारियों से बात करेंगे। केजरीवाल ने कहा है कि गुजरात में समाज का हर वर्ग उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी की ओर देख रहा है।
 

03:05 PM (IST) Sep 24
दिल्ली पहुंचे लालू यादव, सोनिया गांधी के करेंगे मुलाकात

राजद प्रमुख लालू यादव दिल्ली पहुंचे हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। लालू ने कहा, "अमित शाह परेशान हैं। बिहार से उनकी सरकार का सफाया हो गया है। 2024 में भी ऐसा ही होने वाला है। वह इधर-उधर भाग रहे हैं। कह रहे हैं कि बिहार में "जंगल राज" है। गुजरात में रहते हुए उन्होंने क्या किया? जब वे थे तब जंगल राज था। नीतीश कुमार और मैं सोनिया गांधी से मिलेंगे। हम विपक्ष को एकजुट करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं।"
 

03:01 PM (IST) Sep 24
शशि थरूर ने लिया नॉमिनेशन फॉर्म

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हो रहा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्हें शशि थरूर चुनौती देंगे। थरूर ने अपने प्रतिनिधि को भेजकर पार्टी मुख्यालय से नॉमिनेशन फॉर्म मंगाया है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन थरूर के करीबी आलिम जावेरी ने पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री के फॉफिस से फॉर्म लिया।
 

02:49 PM (IST) Sep 24
साइकिल में छिपा लाया गया था सोना कस्टम ने किया जब्त

केरल के कोझीकोड में सीमा शुल्क विभाग ने कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर साइकिल की सीट के नीचे छिपाकर लाए गए सोना को जब्त किया है। एडाकुलम में रहने वाला अब्दुल शेरिफ दुबई से सोना छिपाकर लाया था। जब्त किए गए सोने का वजन एक किलोग्राम से अधिक था। अब्दुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
 

02:33 PM (IST) Sep 24
अमित शाह ने बीएसएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के साथ की समीक्षा बैठक

बिहार दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज में बीएसएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अमित शाह ने सुरक्षा बलों की तैयारियों को देखा और अधिकारियों से सीमा की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
 

02:26 PM (IST) Sep 24
महबूबा मुफ्ती ने कहा- जेल में बदल गया है जम्मू-कश्मीर

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर का मसला जटिल है। इसे जेल में तब्दील कर दिया गया है। आए दिन मुठभेड़ होती रहती है। इस मुद्दे को हल करना महत्वपूर्ण है। अगर पाकिस्तान के पीएम ने जम्मू-कश्मीर मुद्दे को सुलझाने और भारत-पाकिस्तान संबंधों को सुधारने के बारे में कहा है तो ऐसा होना चाहिए।

02:19 PM (IST) Sep 24
विहिप ने ब्रिटिश दूतावास के सामने किया विरोध प्रदर्शन

ब्रिटेन में हिंदू समाज के लोगों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने दिल्ली स्थित ब्रिटिश दूतावास के सामने विरोध प्रदर्शन किया है। विहिप प्रमुख आलोक कुमार ने कहा कि ब्रिटेन के एक संसद सदस्य ने सरकार को लिखा कि कोई हिंदू समारोह नहीं होना चाहिए। विश्व शांति के लिए ब्रिटेन को इस्लामी आतंकवादियों की ओर झुकाव बंद करना चाहिए।
 

02:11 PM (IST) Sep 24
लीसेस्टर सिटी में बढ़ाई गई सुरक्षा

सांप्रदायिक झड़पों के कुछ दिनों बाद ब्रिटेन की पुलिस ने लीसेस्टर सिटी में सुरक्षा बढ़ा दी है। लीसेस्टर पुलिस ने एक ट्वीट में हिंदू समुदाय से अपने आगामी त्योहारों की तैयारी करने का आग्रह किया है। इस ट्वीट पर भारतीय समुदाय की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है। 
 

02:02 PM (IST) Sep 24
मथुरा से कंगना के चुनाव लड़ने पर बोलीं हेमा मालिनी-कल राखी सावंत भी बनेंगी

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा की यात्रा की। उनसे जब पत्रकारों ने पूछा कि यहां से एक्ट्रेस कंगना रनौत के चुनाव लड़ने की चर्चा है तो हेमा मालिनी ने कहा कि इसपर मैं अपना विचार क्या बता सकती हूं। मेरा विचार भगवान पर है। मथुना का कोई व्यक्ति सांसद बनना चाहेगा तो  आप उसे नहीं बनने देंगे। आपने लोगों के दिमाग में बिठा रखा है कि फिल्म स्टार की चाहिए। अच्छा है। कल को राखी सावंत भी बनेंगी।
 

01:43 PM (IST) Sep 24
PFI कार्यकर्ताओं ने लगाए 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे

महाराष्ट्र के पुणे में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान पीएफआई कार्यकर्ताओं ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। भाजपा नेताओं ने नारे लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुणे पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है। 

शुक्रवार को PFI के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को देशभर में PFI के ठिकानों पर हुई छापेमारी के विरोध में जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 40 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया गया तभी "पाकिस्तान जिंदाबाद" के नारे लगाए गए।

01:33 PM (IST) Sep 24
BJP ने पुलकित के पिता और भाई को पार्टी से निकाला

अंकिता भंडारी हत्याकांड में बीजेपी ने कार्रवाई की है। भाजपा ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और भाई अंकित आर्य को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अंकित आर्य को उत्तराखंड सरकार ने उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष के पद से मुक्त कर दिया है। विनोद आर्य पूर्व मंत्री हैं।