06:10 PM (IST) May 20
पांचवें चरण में 49 सीटों पर 57.47% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार को 57.47% मतदान हुआ। बिहार में 52.60%, जम्मू-कश्मीर में 54.49%, झारखंड में 63.00%, लद्दाख में 67.15%, महाराष्ट्र में 48.88%, ओडिशा में 60.72%, उत्तर प्रदेश में 57.79% और पश्चिम बंगाल में 73% मतदान हुआ है।

06:06 PM (IST) May 20
शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न

सोमवार को शाम 6 बजे लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जो लोग 6 बजे तक कतार में लगे उन्हें 6 बजे के बाद भी वोट डालने दिया गया।

 

05:55 PM (IST) May 20
उद्धव ठाकरे का आरोप-प्रशासन के कारण कम हुई वोटिंग

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया है कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार हार के डर से कम वोटिंग करा रही है। उन्होंने कहा, "प्रशासन के कारण वोटिंग कम हुई है। जहां भी हमें बढ़त मिली है, वहां मशीनें ठीक से व्यवस्थित नहीं थी। मशीनें बंद की गईं। यह मोदी सरकार का नाटक है। हार का डर है। लोगों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।"

 

05:39 PM (IST) May 20
अमिताभ बच्चन और सलमान खान ने किया मतदान

मुंबई में एक्टर अमिताभ बच्चन और सलमान खान ने मतदान कर लिया है। मतदान के बाद पोलिंग बूथ से बाहर निकलते समय सलमान खान ने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने भी मतदान किया है।

 

05:01 PM (IST) May 20
मुकेश अंबानी ने डाला वोट

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी अपने बेटे के साथ वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। मतदान के बाद नीता अंबानी ने कहा कि वोट डालना हमारा अधिकार और कर्तव्य है। मैं सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील करती हूं।

 

04:17 PM (IST) May 20
3 बजे तक 47.53% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार को 3 बजे तक 47.53% मतदान हुआ है। बिहार में 45.33%, जम्मू-कश्मीर में 44.90%, झारखंड में 53.90%, लद्दाख में 61.26%, महाराष्ट्र में 38.77%, ओडिशा में 48.95%, उत्तर प्रदेश में 47.55% और पश्चिम बंगाल में 62.72% मतदान हुआ है।

 

03:37 PM (IST) May 20
परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे शाहरुख खान

एक्टर शाहरुख खान अपने परिवार के साथ वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने मतदान किया। वहीं, एक्टर रणबीर कपूर ने भी मतदान किया है। वह काफी देर तक लाइन में खड़े रहे।

02:44 PM (IST) May 20
आमिर खान ने किया मतदान

एक्टर आमिर खान और किरण राव ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। इसके बाद आमिर खान ने कहा, "सभी हिन्दुस्तानियों से अपील करना चाहूंगा कि ज्यादा से ज्यादा वोट डालने के लिए बाहर आएं। लोकतंत्र का हिस्सा बनें। वोट डालना हमारी जिम्मेदारी है।"

 

02:41 PM (IST) May 20
1 बजे तक 36.73% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार को दोपहर 1 बजे तक 36.73% मतदान हुआ है। बिहार में 34.62%, जम्मू-कश्मीर में 34.79%, झारखंड में 41.89%, लद्दाख में 52.02%, महाराष्ट्र में 27.78%, ओडिशा में 35.31%, उत्तर प्रदेश में 39.55% और पश्चिम बंगाल में 48.41% मतदान हुआ है।

 

02:28 PM (IST) May 20
अनूप जलोटा बोले- रुकनी नहीं चाहिए देश की प्रगति

गायक अनूप जलोटा ने मुंबई के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा, "भारत के अधिकांश लोग आज मोदी जी को वोट दे रहे हैं। वो लोग जो 400 की बात करते हैं, 400 है या 450 पता नहीं, लेकिन इतना जरूर है कि हर एक के मन में उत्साह है। वो चाहते हैं कि देश जिस तरह से प्रगति कर रहा है ये प्रगति अब रुकनी नहीं चाहिए। अब ये प्रगति ऐसी चलनी चाहिए, जैसा पिछले 10 वर्षों में मोदी जी ने किया है। हमें विश्वास है कि हमारा देश नंबर वन और सर्वशक्तिमान बनेगा।"

 

01:45 PM (IST) May 20
मतदान केंद्र पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने वोट डालने आए लोगों से बातचीत की।

 

 

01:40 PM (IST) May 20
लॉकेट चटर्जी ने लगाया धांधली का आरोप

पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा सांसद और उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि मेहंदीपुर प्राथमिक विद्यालय धनियाखाली में बने मतदान केंद्र पर धांधली हो रही है। उन्होंने कहा, "यह आशिमा पात्रा का बूथ है। पिछली बार यहां ईवीएम से धांधली की गई थी। मैं यहां आई तो देखा कि शांतिपूर्ण तरीके से धांधली चल रही थी। पुलिस चुप है।"

 

01:36 PM (IST) May 20
पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ वोट डालने आए रणवीर सिंह

एक्टर रणवीर सिंह अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ मतदान करने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। एक्टर ऋतिक रोशन ने मतदान किया है। उन्होंने कहा कि वोट देने से पहले अपने उम्मीदवार के बारे में जानकारी जुटानी चाहिए। यह पता कर लेना चाहिए कि किसे वोट दे रहे हैं।

 

12:07 PM (IST) May 20
रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद और रायबरेली से उम्मीदवार राहुल गांधी रायबरेली पहुंच गए हैं। उन्होंने पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की है।

 

11:58 AM (IST) May 20
सुबह 11 बजे तक 23.66% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 49 सीटों पर सोमवार तो 11 बजे तक 23.66% मतदान हुआ है। बिहार में 21.11%, जम्मू-कश्मीर में 21.37%, झारखंड में 26.18%, लद्दाख में 27.87%, महाराष्ट्र में 15.93%, ओडिशा में 21.07%, उत्तर प्रदेश में 27.76% पश्चिम बंगाल में 32.70% मतदान हुआ है।

 

11:42 AM (IST) May 20
जम्मू-कश्मीर में लोग धूम-धाम से मना रहे लोकतंत्र का पत्र

जम्मू-कश्मीर में लोग लोकतंत्र का पर्व धूमधाम से मना रहे हैं। बारामूला में मतदान चल रहा है। यहां के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

 

 

11:31 AM (IST) May 20
लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी विमान से लखनऊ पहुंचे हैं। वह रायबरेली के पोलिंग बूथ पर जाएंगे।

10:56 AM (IST) May 20
एक्टर धर्मेंद्र ने किया मतदान

एक्टर धर्मेंद्र ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। एक्ट्रेस हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल ने भी मतदान किया है।

 

10:54 AM (IST) May 20
वोट डालने पहुंचे उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे अपने बेटे आदित्य ठाकरे के साथ मुंबई के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे।

 

10:31 AM (IST) May 20
राजनाथ सिंह ने डाला वोट

रक्षा मंत्री और लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह ने लखनऊ के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। लखनऊ से सपा ने रविदास मेहरोत्रा को मैदान में उतारा है।

 

Read more Articles on