
गर्मियों में अगर कार का AC ठीक से ठंडा न करे, तो सफर बहुत मुश्किल हो जाता है। लेकिन AC की कूलिंग कम होने की वजह हमेशा कोई बड़ी खराबी नहीं होती। धूल-मिट्टी और AC के गलत इस्तेमाल से भी कार के अंदर ठंडक कम हो सकती है। अगर आपकी पुरानी कार का AC पहले जैसा ठंडा नहीं कर रहा, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप इसकी परफॉर्मेंस सुधार सकते हैं।
केबिन एयर फिल्टर कार के अंदर आने वाली हवा को साफ रखने में अहम भूमिका निभाता है। समय के साथ फिल्टर में धूल और गंदगी जमा हो जाती है, जिससे हवा का फ्लो कम हो जाता है। इससे AC की कूलिंग भी घट सकती है। इसलिए, समय-समय पर फिल्टर चेक करें। अगर यह बहुत गंदा हो गया है, तो इसे साफ करें या जरूरत पड़ने पर नया लगवा लें।
धूप में देर तक खड़ी कार का केबिन बहुत गर्म हो जाता है। ऐसे में कार में बैठते ही AC को फुल स्पीड पर चलाने से केबिन जल्दी ठंडा नहीं होता। सबसे पहले कार की खिड़कियां खोलकर गर्म हवा को बाहर निकलने दें। कुछ देर सिर्फ ब्लोअर चलाएं और फिर खिड़कियां बंद करके AC ऑन करें। इससे केबिन जल्दी ठंडा होने में मदद मिलेगी।
गर्मियों में AC का रिसर्कुलेशन मोड बहुत काम का है। जब आप यह मोड ऑन करते हैं, तो AC बाहर की गर्म हवा को बार-बार अंदर खींचने के बजाय, केबिन की हवा को ही ठंडा करता है। कार के अंदर की शुरुआती गर्मी कम होने के बाद रिसर्कुलेशन मोड का इस्तेमाल करने से AC पर लोड कम पड़ता है और केबिन तेजी से ठंडा होता है।
कंडेनसर कार के AC सिस्टम का एक जरूरी हिस्सा है। यह आमतौर पर कार के अगले हिस्से में रेडिएटर के पास लगा होता है। सड़क की धूल, कीचड़ और पत्तियां कंडेनसर में जमा हो सकती हैं, जिससे एयरफ्लो रुक जाता है और AC की कूलिंग पर असर पड़ता है। इसलिए, गाड़ी की सर्विसिंग के समय कंडेनसर की जांच कराकर उसे साफ करवाना अच्छा रहता है। लेकिन ध्यान रहे, इसे साफ करते समय सीधे तेज पानी की धार का इस्तेमाल न करें। इससे कंडेनसर के फिन्स खराब हो सकते हैं।
सीधी धूप में पार्क की गई कार का अंदर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है। इससे केबिन को ठंडा करने में AC को ज्यादा समय लगता है। जहां तक हो सके, कार को छांव में पार्क करें। अगर छांव न मिले, तो विंडशील्ड पर सनशेड का इस्तेमाल करने से कार के अंदर की गर्मी कम करने में मदद मिलती है।
अगर AC चल रहा है, लेकिन ठंडी हवा ठीक से बाहर नहीं आ रही, तो चेक करें कि कहीं वेंट्स में धूल तो नहीं जमी है। एक साफ कपड़े या छोटे ब्रश से AC वेंट्स को समय-समय पर साफ करने से एयरफ्लो बेहतर होता है। इससे ठंडी हवा केबिन में ज्यादा असरदार तरीके से पहुंचती है।
इन सभी बातों का ध्यान रखने के बाद भी अगर AC ठीक से कूलिंग नहीं कर रहा है, तो किसी एक्सपर्ट मैकेनिक को दिखाना ही सही रहेगा। हो सकता है कि AC में गैस कम हो, कंप्रेसर में कोई खराबी हो या किसी और पार्ट में दिक्कत हो। AC सिस्टम में खुद से छेड़छाड़ करने के बजाय किसी भरोसेमंद सर्विस सेंटर की मदद लेना ही सुरक्षित है। सही देखभाल और सही इस्तेमाल से आपकी कार का AC ज्यादा बेहतर तरीके से काम करेगा और गर्मियों का सफर आरामदायक बन जाएगा।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।