
Best EV Car Under 5 Lakh: रोज-रोज पेट्रोल-डीजल की कीमतें क्या आपका बजट भी बिगाड़ रही हैं? अगर हां, तो अब आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। वो दिन गए जब इलेक्ट्रिक कार (EV) खरीदने के लिए 10-12 लाख रुपए का मोटा बजट चाहिए होता था। अब मार्केट में ऐसी छोटी और किफायती इलेक्ट्रिक कारें आ चुकी हैं, जो एक आम मिडिल क्लास फैमिली के बजट में आसानी से फिट हो जाती हैं। सबसे मज़ेदार बात अब आप सिर्फ ₹4.69 लाख की शुरुआती कीमत पर चमचमाती इलेक्ट्रिक कार घर ला सकते हैं। ये कारें न सिर्फ चलाने में बहुत आसान हैं, बल्कि इनसे पॉल्यूशन भी नहीं होता और जेब का खर्च तो समझो बिल्कुल ना के बराबर हो जाता है। आइए जानते हैं छोटी फैमिली के लिए 4 सबसे सस्ते ऑप्शन...
अगर आप सोच रहे हैं कि इतनी बड़ी कारें इतनी कम कीमत में कैसे मिल रही हैं, तो इसके पीछे BaaS (Battery-as-a-Service) है। जब आप कार खरीदने जाएंगे, तो आपको सिर्फ कार की बॉडी (चेसिस) के पैसे देने होंगे। यानी आप सिर्फ बेस प्राइस में कार खरीदते हैं। इससे कार की शुरुआती कीमत लगभग 35% से 40% तक कम हो जाती है। कार की जो बैटरी होती है, उसे आपको खरीदना नहीं है। उसके लिए आपको अलग से एक फिक्स 'किराया' (रेंटल या EMI) देना होगा, जो इस बात पर तय होता है कि आप कार को कितने किलोमीटर चलाते हैं।
Tata Tiago EV: मिडिल क्लास की पहली पसंद
टाटा की यह कार भारतीय परिवारों के बीच बेहद पॉपुलर है। अगर आप डेली ऑफिस जाने या बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए एक परफेक्ट कार ढूंढ रहे हैं, तो यह बेस्ट है। BaaS के साथ इसकी कीमत सिर्फ ₹4.69 लाख रुपए है, जबकि बिना इस ऑफर के एक्चुअल कीमत ₹6.99 लाख है। इसकी बैटरी का किराया ₹2.6 प्रति किलोमीटर है। यह कार दो अलग-अलग बैटरी ऑप्शन में आती है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 226 किमी से लेकर 285 किमी तक का सफर तय कराती है।
MG Comet EV: शहर के ट्रैफिक के लिए सबसे बेस्ट
यह भारत की सबसे छोटी और स्टाइलिश इलेक्ट्रिक कार है। अगर आपके शहर में ट्रैफिक बहुत ज्यादा रहता है या पार्किंग की समस्या है, तो यह कार आपके लिए ही बनी है। BaaS के साथ कीमत सिर्फ ₹4.99 लाख है। वैसे इसकी एक्चुअल कीमत ₹7.50 लाख है। इसकी बैटरी का किराया ₹3.2 प्रति किलोमीटर है। इसमें 17.4 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर आराम से लगभग 230 किमी तक चलती है।
Tata Punch EV: एसयूवी के शौकीनों के लिए दमदार ऑप्शन
अगर आपको थोड़ी ऊंची और दमदार लुक वाली गाड़ी पसंद है, तो टाटा पंच का इलेक्ट्रिक अवतार आपको बेहद पसंद आएगा। यह कार लुक और परफॉर्मेंस दोनों में सुपरहिट है। इसकी एक्चुअल कीमत ₹9.69 लाख है, जबकि BaaS के साथ सिर्फ ₹6.49 लाख में खरीद सकते हैं। इस कार की बैटरी का किराया ₹2.6 प्रति किलोमीटर है। इसमें भी आपको दो बैटरी पैक (30 kWh और 40 kWh) के विकल्प मिलते हैं, जो सिंगल चार्ज में 275 किमी से 350 किमी तक की धांसू रेंज देते हैं।
Citroen eC3: आराम और स्पेस का परफेक्ट कॉम्बो
फ्रांस की मशहूर कार कंपनी सिट्रोएन ने अपनी इस कार को नए और फ्रेश लुक में पेश किया है। जिन लोगों को कार में ज्यादा स्पेस और आरामदायक सफर पसंद है, उनके लिए यह एक बेहतरीन चॉइस है। BaaS के साथ इसकी कीमत महज ₹6.89 लाख पड़ती है। इसकी बैटरी का किराया ₹2.26 प्रति किलोमीटर है। इसमें बड़ा 29.2 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर पूरे 325 किमी तक दौड़ सकती है।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।