
Honda CB500 Running Cost: अगर आप लंबे समय से एक ऐसी बाइक का इंतजार कर रहे थे, जिसमें बड़ा इंजन, रेट्रो लुक और मॉडर्न फीचर्स एक साथ मिलें, तो होंडा ने आपकी यह इच्छा पूरी कर दी है। कंपनी ने भारत में नई Honda CB500 से पर्दा उठा दिया है। सबसे खास बात यह है कि यह बाइक मेड इन इंडिया होगी। 501cc इंजन वाली यह बाइक पहली नजर में CB350 जैसी दिखती है, लेकिन इसके अंदर पूरी तरह नया इंजन और कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतने बड़े इंजन वाली बाइक कितना माइलेज दे सकती है और इसे चलाने का खर्च कितना होगा? आइए जानते हैं...
नई Honda CB500 में 501cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन करीब 28.1 PS की पावर और 43.3 Nm का टॉर्क देता है। फिलहाल यह भारत में होंडा का सबसे बड़ा एयर-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन माना जा रहा है। अगर आपको हाईवे टूरिंग, लंबी दूरी की राइड या आरामदायक क्रूजिंग पसंद है, तो यह इंजन उसी तरह की राइडिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
होंडा ने अभी CB500 का ऑफिशियल माइलेज जारी नहीं किया है। हालांकि, 501cc सिंगल-सिलेंडर इंजन और इसकी ट्यूनिंग को देखते हुए ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि सामान्य राइडिंग में यह बाइक करीब 30 से 35 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज दे सकती है। असल माइलेज आपकी राइडिंग स्टाइल, ट्रैफिक, सड़क और बाइक की देखभाल पर भी निर्भर करेगा।
अगर मान लें कि बाइक औसतन 32 kmpl का माइलेज देती है और आप हर महीने लगभग 1,000 किलोमीटर चलाते हैं, तो पेट्रोल का खर्च करीब 31 से 32 लीटर होगी। अगर पेट्रोल की कीमत करीब 100 रुपए प्रति लीटर मानी जाए, तो हर महीने फ्यूल पर करीब 3,100 से 3,300 रुपए तक खर्च आ सकता है। यह सिर्फ एक अनुमान है। वास्तविक खर्च आपके इस्तेमाल और फ्यूल की स्थानीय कीमत पर निर्भर करेगा।
होंडा की बाइक्स आमतौर पर कम मेंटेनेंस के लिए जानी जाती हैं। हालांकि, CB500 एक बड़ा इंजन लेकर आ रही है, इसलिए इसकी सर्विस और पार्ट्स का खर्च CB350 से थोड़ा ज्यादा हो सकता है। नियमित सर्विस कराने पर बाइक की परफॉर्मेंस और माइलेज दोनों बेहतर बने रहेंगे।
लॉन्च के बाद नई Honda CB500 का मुकाबला मिड-साइज रेट्रो बाइक सेगमेंट की कई पॉपुलर बाइक्स से होगा। इसमें रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 (Royal Enfield Interceptor 650) और BSA गोल्ड स्टार 650 (BSA Gold Star 650) शामिल हैं। CB500 भारत में ही बनाई जाएगी, इसलिए इसकी कीमत काफी प्रतिस्पर्धी रहने की उम्मीद है। यही वजह है कि यह अपने सेगमेंट में बड़ा बदलाव ला सकती है।
CB500 के साथ ही होंडा ने अपनी CB350, CB350RS और CB350C को भी नए कलर और नए ग्राफिक्स के साथ अपडेट किया है। इन बाइक्स के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी ने सिर्फ इनके लुक को पहले से ज्यादा फ्रेश बनाया है।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।