
रांचीः लग्जरी स्पोर्ट्स कार लैंबॉर्गिनी का दीवाना कौन नहीं है? करोड़ों की कीमत वाली इस कार को सड़क पर देखकर ही लोग खुश हो जाते हैं। कई लोगों के लिए तो यह एक सपना है। इसे खरीदना भले ही मुमकिन न हो, लेकिन कम से कम एक बार इसमें बैठने की ख्वाहिश कई कार लवर्स रखते हैं। लेकिन एक नौजवान मैकेनिक ने इस सपने को अपने तरीके से पूरा कर लिया। उसने पुरानी मारुति 800 को ही लैंबॉर्गिनी जैसी दिखने वाली कार में बदल दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग इस मैकेनिक आरिफ के टैलेंट के फैन हो गए हैं।
जी हां, झारखंड के चांडिल के रहने वाले आरिफ ने ही यह कमाल किया है। उन्होंने अपनी पुरानी मारुति 800 को अपने हुनर से लैंबॉर्गिनी कार में बदल दिया है। इस कार का ज्यादातर डिजाइन उन्होंने खुद तैयार किया है और जरूरी पार्ट्स बाजार से खरीदे हैं। एक आम लड़के की इस क्रिएटिविटी को देखकर लोग हैरान हैं और उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स आरिफ के टैलेंट और लगन की सराहना कर रहे हैं।
आरिफ एक ट्रेंड मैकेनिक हैं। उन्होंने अपनी टेक्निकल नॉलेज और कल्पना का इस्तेमाल करके इस हैचबैक कार को एक स्पोर्ट्स कार का लुक दिया है। महंगे पार्ट्स खरीदने के बजाय, आरिफ ने गाड़ी बनाने के लिए ज्यादातर अपनी हाथ की कारीगरी का इस्तेमाल किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बाजार से सिर्फ कुछ बेसिक चीजें जैसे शीशे और कार के ग्लास ही खरीदे हैं। बाकी पूरा ढांचा, जिसमें कार की बॉडी का डिजाइन और स्टाइलिंग शामिल है, आरिफ ने खुद बनाया है। मारुति 800 के ओरिजिनल फ्रेम को मॉडिफाई करके, उन्होंने लैंबॉर्गिनी मॉडल से मिलती-जुलती एक शानदार स्पोर्ट्स कार तैयार की है। इसका नतीजा ऐसा है कि देखने वालों की आंखें खुली रह जाती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार को बनाने में करीब 4 लाख रुपये का खर्च आया है। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं।
इस कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। लोग आरिफ के टैलेंट की तारीफ करते नहीं थक रहे। खासकर इस बात से लोग ज्यादा प्रभावित हैं कि उन्होंने बिना किसी प्रोफेशनल ऑटोमोबाइल वर्कशॉप की मदद के यह शानदार कार तैयार की है। कई लोग इसे 'देसी लैंबॉर्गिनी' कह रहे हैं, तो कुछ लोग इस युवा टैलेंट के आविष्कार को सलाम कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, “इस लड़के को किसी कार कंपनी के डिजाइन डिपार्टमेंट में होना चाहिए, मैकेनिक की दुकान पर नहीं।”
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।