
भारत में एसयूवी सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय गाड़ियों में शामिल महिंद्रा स्कॉर्पियो N अब नए अवतार में दस्तक देने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स और सामने आए स्पाई शॉट्स के अनुसार, कंपनी 15 अगस्त 2026 को होने वाले अपने वार्षिक इवेंट में Mahindra Scorpio N Facelift से पर्दा उठा सकती है। हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महिंद्रा अपने नए प्रोडक्ट्स और भविष्य की रणनीति पेश करती है, इसलिए इस बार भी ऑटो सेक्टर की नजर इसी लॉन्च पर टिकी हुई है।
Scorpio N लॉन्च के बाद से महिंद्रा की सबसे ज्यादा बिकने वाली और सबसे अधिक मुनाफा देने वाली एसयूवी में शामिल रही है। ऐसे में कंपनी इसे पहले से ज्यादा प्रीमियम फीचर्स और आधुनिक तकनीक के साथ अपडेट करने की तैयारी कर रही है।
नई स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट में सबसे बड़ा बदलाव इसके केबिन में देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी पहली बार इस एसयूवी में पैनोरमिक सनरूफ देने की तैयारी कर रही है।
मौजूदा मॉडल में सिंगल-पेन इलेक्ट्रिक सनरूफ मिलती है, लेकिन फेसलिफ्ट वर्जन में पूरी छत पर फैला बड़ा ग्लास रूफ देखने को मिल सकता है। भारतीय ग्राहकों के बीच पैनोरमिक सनरूफ की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए महिंद्रा भी इस फीचर को अपनी प्रमुख एसयूवी में शामिल कर सकती है।
नई Scorpio N का इंटीरियर भी पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है, जिसे Mahindra Thar Roxx से लिया जा सकता है।
बड़ी स्क्रीन के कारण सेंटर कंसोल का लेआउट बदलेगा और एसी वेंट्स की पोजिशन भी नई होगी। इससे डैशबोर्ड पहले से ज्यादा आधुनिक और आकर्षक दिखाई देगा।
इसके साथ ही एसयूवी में फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया जा सकता है। इसमें स्पीड, फ्यूल लेवल, ट्रिप डेटा और अन्य ड्राइविंग जानकारी पूरी तरह डिजिटल डिस्प्ले पर दिखाई देगी, जिससे ड्राइविंग अनुभव और बेहतर होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेसलिफ्ट मॉडल में 360-डिग्री कैमरा भी जोड़ा जा सकता है, जिससे पार्किंग और तंग जगहों पर गाड़ी चलाना आसान होगा। इसके अलावा कुछ कॉस्मेटिक बदलाव, नए अलॉय व्हील्स और इंटीरियर फिनिश में भी सुधार देखने को मिल सकता है।
हालांकि, इंजन और पावरट्रेन में बड़े बदलाव की फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उम्मीद की जा रही है कि मौजूदा पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्पों के साथ ही इसे पेश किया जाएगा।
महिंद्रा ने अभी तक नई Scorpio N Facelift की लॉन्च डेट या फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन यदि मीडिया रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो 15 अगस्त 2026 को कंपनी अपनी इस लोकप्रिय एसयूवी को नए डिजाइन और एडवांस फीचर्स के साथ पेश कर सकती है। ऐसे में स्कॉर्पियो N खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए आने वाले दिन काफी अहम रहने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: Mahindra से Tata तक...BNCAP ने बताईं कौन सी हैं भारत की सबसे सेफ 10 कार
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।