
भारतीय ऑटो बाजार के लिए जुलाई 2026 का महीना एक्शन से भरपूर रहने वाला है। महीने के पहले हिस्से में कई नए मॉडल लॉन्च हो चुके हैं, और अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुलाई खत्म होने से पहले तीन और बड़ी गाड़ियां बाजार में दस्तक देने वाली हैं। ये नए मॉडल मारुति सुजुकी, टोयोटा और होंडा के हैं। इनमें से एक हाइब्रिड SUV तो ऐसी है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि वो एक फुल टैंक में करीब 1,300 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति सुजुकी अपनी पॉपुलर सब-4 मीटर SUV ब्रेजा का फेसलिफ्ट वर्जन 23 जुलाई को लॉन्च कर सकती है। इसमें नया ग्रिल, अपडेटेड बंपर, सिल्वर स्किड प्लेट्स और स्पोर््टी रेड एक्सेंट जैसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जो इसे पहले से ज्यादा आकर्षक बनाएंगे। केबिन में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटों जैसी नई सुविधाएं मिल सकती हैं। कहा जा रहा है कि मौजूदा 1.5-लीटर पेट्रोल और CNG इंजन के अलावा, इसमें 1.0-लीटर बूस्टरजेट टर्बो पेट्रोल इंजन का ऑप्शन भी दिया जा सकता है। अगर CNG वेरिएंट में अंडरबॉडी टैंक दिया गया, तो बूट स्पेस भी बढ़ सकता है।
खबरों के अनुसार, टोयोटा अपने नई पीढ़ी के हिलक्स पिकअप ट्रक को 28 जुलाई को भारतीय बाजार में पेश करेगी। बताया जा रहा है कि इस गाड़ी की सबसे बड़ी खासियत इसका 2.8-लीटर टर्बो डीजल इंजन होगा, जो 48-वोल्ट माइल्ड-हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ आएगा। यह इंजन 201 bhp की पावर और 500 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। उम्मीद है कि यह हाइब्रिड सिस्टम कम RPM पर अतिरिक्त पावर देकर गाड़ी की फ्यूल एफिशिएंसी को बेहतर बनाने में मदद करेगा। नई हिलक्स में अपडेटेड फ्रंट ग्रिल और ज्यादा मस्कुलर डिजाइन भी देखने को मिलेगा।
रिपोर्ट्स हैं कि होंडा की नई फ्लैगशिप SUV, ZR-V हाइब्रिड, भी इसी महीने भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है। माना जा रहा है कि कंपनी 20-21 जुलाई को इसकी कीमतों का ऐलान कर सकती है। इस गाड़ी में 2.0-लीटर डायरेक्ट इंजेक्शन पेट्रोल इंजन के साथ होंडा का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम दिया गया है। यह SUV 184 bhp तक की पावर जेनरेट करती है और कंपनी का दावा है कि यह 22.8 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देगी। इसे 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सिर्फ 8 सेकंड लगते हैं। होंडा का यह भी दावा है कि एक बार टंकी फुल कराने पर यह गाड़ी करीब 1,300 किलोमीटर तक चल सकती है। हालांकि, इन गाड़ियों की लॉन्च डेट, फीचर्स और कीमत के बारे में पक्की जानकारी कंपनियों की तरफ से आधिकारिक घोषणा के बाद ही मिल पाएगी।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।