
Maruti Suzuki upcoming cars: भारतीय ऑटो बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए Maruti Suzuki अगले चरण की तैयारी कर रही है। कंपनी आने वाले समय में एक साथ कई नए मॉडल पेश करने की योजना पर काम कर रही है। इनमें इलेक्ट्रिक MPV, नई Wagon R फेसलिफ्ट, बड़ी 7-सीटर SUV और एक छोटी किफायती इलेक्ट्रिक कार शामिल हैं।
इन नई गाड़ियों के जरिए कंपनी इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और पेट्रोल सेगमेंट को एक साथ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। कुछ मॉडल 2026 के अंत तक बाजार में आ सकते हैं, जबकि कुछ की एंट्री 2027 में होने की उम्मीद है।
Maruti Suzuki की YMC इलेक्ट्रिक MPV कंपनी की e Vitara के बाद दूसरी इलेक्ट्रिक कार हो सकती है। टेस्टिंग के दौरान सामने आए मॉडल में SUV जैसी डिजाइन, ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस, बड़ा ग्लास एरिया और सीधी रूफलाइन देखने को मिली है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी लंबाई करीब 4.5 मीटर हो सकती है और इसे e Vitara वाले HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है। इसमें 49kWh और 61.1kWh के बैटरी पैक मिलने की संभावना है। बड़ा बैटरी पैक करीब 543 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज दे सकता है।
फीचर्स की बात करें तो बड़ी टचस्क्रीन, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, इलेक्ट्रिक व वेंटिलेटेड सीटें और पैनोरमिक ग्लास रूफ मिल सकती है। e Vitara के FWD सेटअप के मुकाबले YMC में RWD मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
Maruti Suzuki की लोकप्रिय Wagon R के नए फेसलिफ्ट मॉडल की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। कार का मौजूदा टॉल-बॉय डिजाइन बरकरार रह सकता है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
नई ग्रिल, अपडेटेड बंपर, नए अलॉय व्हील, नए रंग और बदली हुई लाइटिंग इसके डिजाइन का हिस्सा हो सकती है। सबसे बड़ा बदलाव इंजन में देखने को मिलने की संभावना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Wagon R में मौजूदा इंजन विकल्पों की जगह 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-Series इंजन दिया जा सकता है, जो करीब 83hp पावर और 112Nm टॉर्क जनरेट करता है। CNG विकल्प भी जारी रह सकता है।
केबिन में नया इंफोटेनमेंट सिस्टम और अपडेटेड डैशबोर्ड मिल सकता है। सुरक्षा के लिहाज से 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD और ESP जैसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। इसका लॉन्च 2026 के अंत से पहले होने की उम्मीद है।
Maruti Suzuki एक बड़ी 7-सीटर SUV पर भी काम कर रही है, जिसे फिलहाल Y17 कोडनेम दिया गया है। यह Grand Vitara के प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है और कंपनी की सबसे बड़ी SUV बनने की संभावना है।
इसमें करीब 2,740mm का व्हीलबेस और ज्यादा लंबा रियर सेक्शन मिल सकता है। SUV को 6 और 7-सीटर दोनों लेआउट में पेश किए जाने की संभावना है।
संभावित फीचर्स में 10.25-इंच टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, वायरलेस चार्जर, हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा और Level 2 ADAS शामिल हो सकते हैं।
पावरट्रेन के तौर पर इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है। CNG विकल्प पर भी कंपनी विचार कर सकती है। इसकी संभावित कीमत करीब 18 से 25 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
कंपनी एक छोटी और किफायती इलेक्ट्रिक कार पर भी काम कर रही है। इसे Vision e-Sky कॉन्सेप्ट से प्रेरित प्रोडक्शन मॉडल के तौर पर पेश किया जा सकता है। यह Maruti Suzuki की सबसे सस्ती EV हो सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका मुकाबला Tata Tiago.ev और MG Comet जैसे मॉडल से होगा। इसकी लंबाई करीब 3.39 मीटर रहने की संभावना है और इसमें K-EV प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस छोटी EV में लगभग 29kWh बैटरी पैक और करीब 270 किलोमीटर की रेंज मिलने का अनुमान है। हालांकि, बैटरी क्षमता, रेंज और अन्य तकनीकी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Maruti Suzuki की इन चार नई गाड़ियों से साफ संकेत मिलता है कि कंपनी सिर्फ छोटे पेट्रोल मॉडल तक सीमित नहीं रहना चाहती। YMC इलेक्ट्रिक MPV और छोटी EV के जरिए कंपनी इलेक्ट्रिक बाजार में विस्तार करेगी, जबकि Y17 जैसी बड़ी SUV से प्रीमियम और फैमिली सेगमेंट में पकड़ मजबूत करने की कोशिश होगी।
वहीं, नई Wagon R जैसे लोकप्रिय मॉडल का अपडेटेड वर्जन कंपनी के मौजूदा ग्राहकों को बनाए रखने में मदद कर सकता है। अगर ये मॉडल तय समय पर बाजार में आते हैं, तो आने वाले वर्षों में Maruti Suzuki के पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।