
Nissan Pixo Range: निसान मोटर मार्केट में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार उतारने जा रही है। कंपनी 'निसान पिक्सो' (Nissan Pixo) नाम से एक छोटी ईवी ला रही है। यह कार सीधे तौर पर टाटा टियागो ईवी (Tata Tiago EV) को टक्कर देगी। इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसकी रेंज है। फुल चार्ज होने पर यह 259 किलोमीटर तक चलेगी। रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी इसे काफी किफायती कीमत पर लॉन्च करेगी।
निसान ने इस कार में 27.5kWh का LFP बैटरी पैक दिया है। साथ ही इसमें 82hp की पावर वाला मोटर लगा है। इसे चार्ज करना भी काफी आसान है। 50kW DC फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को 15 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में सिर्फ 28 मिनट लगते हैं। फुल चार्ज पर यह 259 किलोमीटर की रेंज देती है। इसके अलावा, घर पर चार्ज करने के लिए इसमें 11kW का बाई-डायरेक्शनल एसी चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है।
निसान पिक्सो की लंबाई 3796mm, चौड़ाई 1790mm और व्हीलबेस 2492mm है। इसमें 140mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है। भले ही यह एसयूवी नहीं है, लेकिन गांव-देहात की सड़कों के हिसाब से इसका ग्राउंड क्लीयरेंस काफी अच्छा है। कार के अंदर आपको बढ़िया स्पेस भी मिल जाएगा।
फिलहाल कंपनी ने इस कार को यूरोप में पेश किया है। वहां इसकी डिलीवरी 2027 की शुरुआत में चालू होगी। यूरोप के बाद इसे भारत समेत बाकी मार्केट्स में भी लॉन्च किया जा सकता है। अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं हुआ है। निसान भारत में अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो को बढ़ाने की प्लानिंग कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी शुरुआत में यह छोटी ईवी ला सकती है। भारत में लॉन्च होने पर इसका सीधा मुकाबला टाटा टियागो और एमजी कॉमेट (MG Comet) जैसी छोटी इलेक्ट्रिक कारों से होगा। कंपनी धीरे-धीरे अपना ईवी मार्केट बढ़ाना चाहती है।
फीचर्स की बात करें तो कार में 7-इंच का ड्राइवर डिस्प्ले और 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसमें 16 भाषाओं को सपोर्ट करने वाला जेमिनी (Gemini) वॉयस असिस्टेंट भी है। सेफ्टी के लिए कार में क्रूज कंट्रोल, लेन कंट्रोल और ड्राइवर असिस्टेंस जैसे कई शानदार फीचर्स मौजूद हैं।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।