
मुंबई. दुनियाभर में कोरोना की वजह से दहशत फैली हुई है। आमजन की तरह सभा लोगों ने खुद को घरों में बंद कर लिया है। इस दौरान फिल्मों और टीवी सीरियलों की शूटिंग भी बंद हो गई है। इसी वजह से फिल्मों में काम करने वाले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हुआ है और उन्हें घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में डायरेक्टर रोहित शेट्टी के बाद अब अजय देवगन ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। बता दें कि गुरुवार को अजय देवगन 51 साल के हो गए हैं। उनका जन्म 2 अप्रैल, 1969 को मुंबई में हुआ था।
51 लाख रुपए की मदद
अजय देवगन ने फिल्मों में काम करने वाले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के लिए 51 लाख रुपए आर्थिक मदद के रूप में दिए हैं। उन्होंने यह रुपए सिने मजदूरों की यूनियन फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज (एफडब्ल्यूआईसीई) को दिए हैं। बता दें कि रोहित शेट्टी ने भी 51 लाख रुपए मदद के लिए दिए हैं।
घर बैठे मजदूरों की मदद होगी
इन रुपयों का इस्तेमाल संघ घरों में बैठे मजदूरों को दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं को उपलब्ध कराने में करेगा। जब से पूरे देश में लॉकडाउन होने की घोषणा हुई है, उससे पहले ही कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए फिल्म और सीरियलों की शूटिंग बंद हो चुकी थी। हजारों कर्मचारी बेरोजगार हो गए थे।
अशोक पंडित ने किया कंफर्म
अजय देवगन से मिलने वाले रुपए की पुष्टि करते हुए एफडब्ल्यूआईसीई के महासचिव अशोक पंडित ने अजय देवगन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आप रियल लाइफ सिंघम हैं। अशोक ने कहां राशि का उपयोग 5 लाख सिने वर्कर्स की मदद के लिए किया जाएगा।
पांच लाख से ज्यादा कार्यकर्ता
संघ का कहना है कि वे अपने पांच लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं की सहायता करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पैसे जुटाने के लिए बॉलीवुड सेलेब्स और सरकार से भी मदद मांग रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने इंडस्ट्री से जुड़े सभी बड़े नामों से भी मदद की भी अपील की थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।