
मुंबई: बॉलीवुड वैसे तो मनोरंजन का स्पॉट है। लेकिन कई सेलेब्स लोगों की मदद के लिए भी सामने आते हैं। डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर बरेली के बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी का एक वीडियो शेयर कर लोगों से उसकी मदद की अपील की है।
क्या है वीडियो में?
कुछ दिनों पहले विधायक की बेटी ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में साक्षी अपने पति के साथ नजर आई। वीडियो के जरिये साक्षी ने बताया कि दलित युवक से शादी करने के कारण उसके पिता उसकी और उसके पति अजितेश की जान के दुश्मन बन गए हैं।
दरअसल, कुछ समय पहले ही साक्षी ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर दलित युवक से शादी की थी। अब उसके विधायक पिता अपने कुछ करीबियों के साथ मिलकर साक्षी और उसके ससुरालवालों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
डायरेक्टर ने शेयर किया वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो को अनुराग कश्यप ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुआ लिखा है कि ये वीडियो बरेली के बीजेपी विधायक की बेटी का है। बरेली में हमने मुक्केबाज फिल्म की शूटिंग की थी। साथ ही अनुराग कश्यप ने इस मामले में साक्षी और उसके पति की मदद की अपील की है।
साक्षी को नहीं मिली पुलिस प्रोटेक्शन
लव मैरिज करने के बाद साक्षी ने इलाहाबाद कोर्ट में एक अर्जी दाखिल कर सुरक्षा की अपील की थी। लेकिन उन्हें प्रोटेक्शन देने की जगह 15 जुलाई को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है।
विधायक ने मामले से किया इंकार
वहीं बेटी का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा ने इन आरोपों से पल्ला झाड़ लिया है। उन्होंने कहा कि साक्षी बालिग़ है और अपनी मर्जी से शादी कर सकती है। साथ ही उन्होंने इस वीडियो को उनके खिलाफ साजिश करार दिया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।