
मुंबई। शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा (Raj Kundra) को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि राज पर पोर्न फिल्में बनाने और उसे विदेशी एप्स पर शेयर करने के आरोप है। इसी मामले में एक बड़ा नाम मॉडल गहना वशिष्ठ (Gehana Vasisth) का भी है। कुछ महीनों पहले गहना को भी गिरफ्तार किया गया था और इसके बाद ही पोर्नोग्राफी की साजिश का भंडाफोड़ हुआ। इस मामले में अब गहना वशिष्ठ ने राज कुंद्रा का बचाव किया है।
गहना ने राज कुंद्रा की गिरफ्तारी पर कहा कि जिस वीडियो को पोर्न बताया जा रहा है, वो पोर्न नहीं, केवल इरोटिक वीडियो है। बिना देखे ही उसे पोर्न कहा जा रहा है। गहना ने कहा कि मैं राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के साथ हूं। गहना ने आगे कहा कि जिस तरह से एकता 'गंदी बात' वेब सीरीज बनाती हैं उसी तरह ये वीडियो भी हैं। लोगों को पोर्न और इरॉटिक वीडियो में फर्क को समझना होगा।
फरवरी में गिरफ्तार हुई थीं गहना :
पोर्न वीडियो शूट और अपलोड करने के मामले में गहना वशिष्ठ को फरवरी में गिरफ्तार किया गया था। लगभग 5 महीने बाद उन्हें जमानत मिली थी। मुंबई के गोरेगांव की सेशंस कोर्ट ने गहना को पॉर्नोग्राफी से संबंधित मामले में जमानत दी थी। गहना को फिलहाल देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं हैं। गहना वशिष्ठ के मुताबिक मेरा लैपटॉप, मोबाइल और बाकी सामान पुलिस ने जब्त कर लिया था। मेरे बैंक अकाउंट सीज कर दिए गए। पिछले 6 महीने से मैं मेंटली परेशान हो गई हूं।
गहना पर 85 से ज्यादा एडल्ट वीडियो बनाने का आरोप :
बता दें कि गहना पर आरोप था कि उन्होंने 85 से ज्यादा एडल्ट वीडियो बनाए और उन्हें वेबसाइट पर शेयर भी किया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनका खुद का प्रोडक्शन हाउस था, जहां वेब सीरीज और सीरियल के नाम पर पॉर्नोग्राफी वीडियो बनाए और अपलोड किए जाते थे। हालांकि, गहना की टीम ने इन आरोपों से इनकार किया था। पुलिस को जांच में पता चला था कि गहना स्ट्रगलिंग एक्टर्स को पैसे का लालच देकर पोर्न वीडियो शूट कराती थीं। इतना ही नहीं वे इन एक्टर्स को एक शूट के बदले 20 हजार रुपए देती थीं। बता दें कि गहना ऑल्ट बालाजी के शो गंदी बात से फेमस हुई थीं।