
मुंबई। जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने गुरुवार को कंगना रनोट के खिलाफ दायर मानहानि की शिकायत मामले में अंधेरी की मेट्रोपॉलिटन कोर्ट में वकील के जरिए अपना बयान दर्ज करवाया। जावेद अख्तर ने नवंबर महीने में कंगना के खिलाफ अंधेरी मेट्रोपॉलिटन कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कंगना पर एक टीवी इंटरव्यू के दौरान कथित रूप से उनके खिलाफ मानहानि और बेबुनियाद कमेंट करने का आरोप लगाया था। कंगना ने दावा किया था कि जावेद अख्तर ने उन्हें घर बुलाकर धमकाया और ऋतिक रोशन से माफी मांगने के लिए दबाव बनाया था।
इसी मामले को लेकर कंगना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखते हुए कहा-अकेली महिला बॉलीवुड के सुसाइड गैंग, ड्रग माफिया, फांसीवादी सरकार, टुकड़े गैंग के खिलाफ लड़ रही है। हो सकता है मैंने एक कठिन जिंदगी चुनी हो लेकिन यह सम्मान की बात है कि मैंने राष्ट्र को हमारी एकता और अखंडता के सभी खतरों के खिलाफ जगाने का काम किया।
इसी साल फरवरी में एक्ट्रेस की बहन और मैनेजर रंगोली चंदेल ने भी सोशल मीडिया में जावेद अख्तर पर कंगना को धमकाने का आरोप लगाया था। रंगोली ने लिखा था- जावेद अख्तर जी ने कंगना को घर बुलाया और धमकी दी कि वे ऋतिक रोशन से माफी मांग ले। महेश भट्ट ने कंगना पर चप्पल फेंकी थी, क्योंकि उसने भट्ट की फिल्म में सुसाइड बॉम्बर की भूमिका निभाने से मना कर दिया था। वे प्रधानमंत्री को फांसीवादी कहते हैं..चाचाजी आप दोनों क्या हो?"
बता दें कि हाल ही में अक्टूबर, 2020 में कर्नाटक के तुमकुर में कंगना के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। उन पर किसानों के अपमान का आरोप लगा था। इसके बाद मुंबई में 2 और केस हुए। इनमें कंगना पर धर्म के आधार पर नफरत फैलाने और अदालत का अपमान करने का भी आरोप लगा था।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।