
मुंबई. फिल्म जगत से एक और दुखद खबर मिली है। मशहूर म्यूजिक कम्पोजर वाजिद खान का रविवार देर रात निधन हो गया। वाजिद खान किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। 42 साल की उम्र में वे जिंदगी की जंग हार गए। बॉलीवुड इंडस्ट्री में साजिद-वाजिद की जोड़ी से पॉपुलर हुए वाजिद के निधन पर हस्तियों से लेकर उनके फैंस तक दुखी हैं। सभी ने शोक जाहिर किया है। जानकारी के मुताबिक वाजिद का मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। अचानक हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। जानकारी के मुताबिक, वाजिद खान कोरोना से भी संक्रमित थे।
किडनी हुई थी ट्रांसप्लांट, रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव
एक रिपोर्ट के अनुसार, वाजिद खान किडनी की बीमारियों से पीड़ित थे और उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 42 वर्षीय वाजिद खान को मुंबई के चेंबुर में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ महीने पहले ही उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी। लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले ही जांच में कोरोना संक्रमित भी पाया गया था। रविवार शाम को उनकी हालत बिगड़ गई और तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए क्योंकि किडनी की समस्या के कारण उनका इम्युनिटी लेवल बहुत कम हो गया था।
इस खबर को कन्फर्म करते हुए एक्टर और वाजिद के बचपन के दोस्त रणवीर शौरी ने लिखा, ‘मैं अपने बचपन के दोस्त की खबर सुनकर दुखी हूं। वाजिद ने कोविड-19 के आगे घुटने टेक दिए। मैं सदमे में हूं। वाजिद मेरे भाई तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के लिए हग्स भेज रहा हूं। ये बहुत दुखद है।’
पहला और आखिरी काम सलमान के साथ
साजिद-वाजिद सलमान खान के पसंदीदा म्यूजिक कम्पोजर रहे हैं। वे ईद के मौके पर सलमान ‘भाई -भाई’ गाना लेकर आए। वाजिद ने सलमान की 1998 में आई फिल्म प्यार किया तो डरना क्या से ही बतौर कम्पोजर बॉलीवुड में कदम रखा था। वाजिद का आखिरी गाना भी सलमान के साथ ही था। इसके अलावा ‘दबंग 3’ के सभी गाने इन्हीं के कम्पोजिशन में तैयार हुए थे। वाजिद ने बतौर सिंगर सलमान खान के लिए 'हमका पीनी है', 'मेरा ही जलवा' समेत कई हिट गाने भी गाए। इसके अलावा ‘सोनी दे नखरे’, ‘माशाअल्लाह’, ‘डू यू वन्ना पार्टनर’ इनके कई ब्लॉकबस्टर गानों में से हैं। फिल्म दबंग के म्यूजिक के लिए उन्हें 2011 में फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।