
ATF Price Hike: त्योहारी सीजन में अगर आप भी फ्लाइट पकड़कर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी झटके से कम नहीं है। त्योहारों की भागदौड़ शुरू होने से ठीक पहले 1 सितंबर से एविएशन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बड़ा इजाफा हुआ है। इसका असर आने वाले दिनों में आपके फ्लाइट टिकट के किराए पर देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं एटीएफ के दाम कितने बढ़ गए हैं और क्या इसका असर फ्लाइट टिकट के दाम पर भी पड़ सकता है...
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू उड़ानों के लिए विमान ईंधन (Aviation Turbine Fuel) के दाम 5.46% बढ़ा दिए हैं। नया रेट ₹121.28 प्रति लीटर हो गया है, जो पहले ₹115.00 प्रति लीटर था। इस तरह ₹6.28 प्रति लीटर तक दाम बढ़ गए हैं। यह लगातार दूसरा महीना है जब हवाई ईंधन महंगा हुआ है। इससे पहले अगस्त की शुरुआत में भी इसमें ₹5 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। यानी सिर्फ दो महीनों के अंदर ATF के भाव ₹11 से ज्यादा बढ़ चुके हैं।
किसी भी एयरलाइन को चलाने में होने वाले कुल खर्च का करीब 35% से 40% हिस्सा सिर्फ ईंधन पर खर्च होता है। जब तेल कंपनियों की तरफ से फ्यूल महंगा किया जाता है, तो एयरलाइंस कंपनियों के मुनाफे पर सीधा दबाव पड़ता है। इस बढ़ते खर्च की भरपाई के लिए एयरलाइंस अक्सर टिकट के बेस फेयर या फ्यूल चार्ज में बढ़ोतरी कर देती हैं। त्योहारों के दिनों में रूट्स पर पहले से ही भारी डिमांड रहती है। ऐसे में बढ़ी हुई मांग और महंगे तेल के कॉम्बिनेशन के चलते एयरफेयर तेजी से ऊपर जा सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई तेजी इसकी मुख्य वजह है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ग्लोबल सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी वजह से ब्रेंट क्रूड $91 प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जिसका असर घरेलू स्तर पर एविएशन फ्यूल पर पड़ रहा है।
अगर आपका दिवाली, छठ या आने वाले फेस्टिव सीजन में कहीं जाने का प्लान है, तो ऐन मौके का इंतजार करने के बजाय फ्लाइट के टिकट की बुकिंग तुरंत कर लें। जैसे-जैसे त्योहारी तारीखें करीब आएंगी और सीटों की मांग बढ़ेगी, टिकट के रेट्स भी महंगे हो सकते हैं।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।