
सक्सेस स्टोरीः दुनिया में आज भी कई परिवार ऐसे हैं जहां बेटों को बेटियों से ज़्यादा तवज्जो दी जाती है. ऐसी ही सोच वाले एक परिवार में जन्मी थीं चीन की हुआंग शुआनी. 44 साल की हुआंग को उनके ही मां-बाप ने बचपन में अपनाने से इनकार कर दिया था. लेकिन आज उन्होंने अपनी मेहनत से 300 करोड़ रुपये से ज़्यादा के सालाना टर्नओवर वाला एक फैशन एम्पायर खड़ा कर दिया है.
हुआंग का जन्म मध्य चीन के हुनान प्रांत के एक गांव में हुआ था. वह अपने सात भाई-बहनों में छठी बेटी थीं. उनके माता-पिता को बस एक बेटे की चाह थी, इसलिए वे हुआंग से नफरत करते थे. उन्हें घर के बाहर बरामदे में अकेले बिठाकर खाना दिया जाता था. हालत ये थी कि मां-बाप को अक्सर उनका नाम तक याद नहीं रहता था. एक बार जब हुआंग बीमार पड़ीं, तो उनके मां-बाप ने उन्हें मरने के लिए एक पहाड़ पर छोड़ दिया. किस्मत अच्छी थी कि एक अनजान शख्स ने उन्हें बचाया और उनकी जान बच गई.
इन सब मुश्किलों के बावजूद हुआंग ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी पढ़ाई पूरी की. उन्होंने एग्रीकल्चरल साइंस में डिग्री हासिल की. इसके बाद उनकी शादी हुई, लेकिन वो भी कामयाब नहीं रही और तलाक हो गया. यहां तक कि उन्हें अपनी इकलौती बेटी की कस्टडी भी नहीं मिली. पर हुआंग टूटी नहीं. 2015 में उन्होंने 50,000 युआन का निवेश करके चीन के बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'ताओबाओ' (जैसे हमारे यहां फ्लिपकार्ट या अमेज़न) पर कपड़े बेचना शुरू किया. शुरुआत में उन्हें काफी मुनाफा हुआ, लेकिन 2017 तक कुछ गलत फैसलों की वजह से उन पर 50 लाख युआन का कर्ज हो गया.
इतने बड़े कर्ज के बोझ तले दबने के बजाय, उन्होंने खुद को और मजबूत बनाया. हुआंग ने खुद से ही बिजनेस मैनेजमेंट और फैशन डिजाइनिंग सीखी. 2020 में उन्होंने 'मिक्स सिलेक्शन' नाम से अपना खुद का ब्रांड लॉन्च किया. उनका ब्रांड दो वजहों से हिट हो गया - एक, कम हाइट वाली महिलाओं के लिए खास डिजाइन और दूसरा, 'नियो-चाइनीज' फैशन, जिसमें चीनी परंपरा और मॉडर्न स्टाइल का मेल था.
2025 तक उनकी कंपनी की सालाना बिक्री 250 मिलियन युआन (करीब 300 करोड़ रुपये) को पार कर गई. आज दुनिया भर में उनके 20 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं. अब वह उन लड़कियों के लिए ऑनलाइन आंत्रप्रेन्योरशिप कोर्स शुरू करने की तैयारी कर रही हैं, जो जिंदगी में हार मान रही हैं. हुआंग कहती हैं, 'मुझ जैसी लड़कियां जो परिवार और शादी में घुटन महसूस करती हैं, उनसे मैं बस एक ही बात कहना चाहती हूं; हार मत मानो. थोड़ा और डटी रहो, वहां उम्मीद की किरण जरूर दिखेगी.'
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।