मार्च में GST कलेक्शन पहुंचा रिकॉर्ड ऊंचाई पर, जानें सरकार को कितना मिला रेवेन्यू, इम्पोर्ट से 70 फीसदी कमाई

मार्च महीने में जीएसटी कलेक्शन (GST Collection) रिकॉर्ड 1 लाख 24 हजार करोड़ रुपए हुआ है। इससे अर्थव्यवस्था के वापस पटरी पर लौटने के संकेत मिलने लगे हैं। बता दें कि पिछले 6 महीने से जीएसटी कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो रहा है।

Asianet News Hindi | Published : Apr 1, 2021 1:27 PM IST / Updated: Apr 01 2021, 06:58 PM IST

बिजनेस डेस्क। मार्च महीने में जीएसटी कलेक्शन (GST Collection) रिकॉर्ड 1 लाख 24 हजार करोड़ रुपए हुआ है। इससे अर्थव्यवस्था के वापस पटरी पर लौटने के संकेत मिलने लगे हैं। बता दें कि पिछले 6 महीने से जीएसटी कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो रहा है। रेवेन्यू कलेक्शन ज्यादा होने से यह पता चलता है कि कोविड-19 महामारी से सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है। इस दौरान इम्पोर्ट से भी सरकार की कमाई 70 फीसदी बढ़ी है। बता दें कि मार्च 2020 के मुकाबले इस साल सरकार को 27 फीसदी ज्यादा रेवेन्यू मिला है। वित्त मंत्रालय  (Ministry of Finance) ने कहा है कि जीएसटी लागू होने के बाद से मार्च 2021 में अब तक का सबसे ज्यादा टैक्स कलेक्शन हुआ है। इसके साथ ही पिछले 5 महीने से तेजी का ट्रेंड बना हुआ है। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वस्तुओं के आयात से मिलने वाले जीएसटी में 70 फीसदी की ग्रोथ हुई है, वहीं घरेलू ट्रांजैक्शन से मिलने वाले रेवेन्यू में 17 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। 

कितना वसूला गया टैक्स
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2021 में 1,23,902 करोड़ रुपए जीएसटी कलेक्शन किया गया। इसमें से सीजीएसटी (CGST) 22,973 करोड़ रुपए, एसजीएसटी (SGST) 29,329 करोड़ रुपए और आईजीएसटी (IGST) 62,842 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया गया। 62,842 करोड़ रुपए आईजीएसटी में से 31,097 करोड़ रुपए का आयातित वस्तुओं पर टैक्स कलेक्शन किया गया। वहीं, सरकार ने 8757 करोड़ रुपए सेस के तौर पर लिया है। इसमें से 935 करोड़ रुपए आयातित वस्तुओं से सेस संग्रह किया गया।

27 फीसदी ज्यादा जीएसटी कलेक्शन
वित्त वर्ष 2020-21 के शुरुआती 7 महीनों में जीएसटी कलेक्शन काफी कम हुआ था। मार्च 2020 के मुकाबले मार्च 2021 में जीएसटी में 27 फीसदी का ग्रोथ दर्ज किया गया। सरकार ने आईजीएसटी से 21,879 करोड़ रुपए एसजीएसटी और 17,230 करोड़ रुपए सीजीएसटी में सेटल किया। इसके अलावा, सरकार ने 28 हजार करोड़ रुपए आईजीएसटी एड हॉक सेटलमेंट भी किया। इसके बाद सीजीएसटी 58,852 करोड़ रुपए और एसजीएसटी 60,559 करोड़ रुपए रहा। केंद्र सरकार ने जीएसटी क्षतिपूर्ति के तौर पर राज्यों को मार्च माह में 30 हजार करोड़ रुपए भी जारी किए। 

मार्च में रोज कितना रहा जीएसटी कलेक्शन
मार्च में कुल जीएसटी कलेक्शन 1,23,902 करोड़ रुपए रहा है। पूरे महीने में रोज के हिसाब से यह कलेक्शन 3996 करोड़ रुपए जीएसटी कलेक्शन हुआ। फरवरी में रोज करीब 4035 करोड़ रुपए का कलेक्शन रहा था। फरवरी में कुल कलेक्शन 1,13,143 करोड़ रुपए रहा था। जहां तक राज्यों का सवाल है, सबसे ज्यादा जीएसटी कलेक्शन महाराष्ट्र में 17,038.049 करोड़ रुपए रहा। दूसरे स्थान पर गुजरात रहा, जहां 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी के साथ 8197.04 करोड़ रुपए रहा। वहीं, कर्नाटक इस मामले में तीसरे स्थान पर रहा। कर्नाटक में जीएसटी कलेक्शन 7914.98 करोड़ रुपए रहा। तमिलनाडु में 7579.18 करोड़ रुपए और केरल में 1827.94 करोड़ रुपए जीएसटी कलेक्शन रहा।

Share this article
click me!