
IDFC First Bank Share Price: प्राइवेट सेक्टर के बैंक IDFC First Bank के शेयरों में सोमवार, 27 जुलाई को जोरदार तेजी देखने को मिली। मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शेयर करीब 9% तक उछल गया। इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह बड़े ब्रोकरेज हाउस की पॉजिटिव रिपोर्ट है। कई ब्रोकरेज ने शेयर पर अपना भरोसा बढ़ाया है, जबकि एक ग्लोबल ब्रोकरेज ने तो तगड़ा टारगेट प्राइस दे दिया है। अगर आपके पोर्टफोलियो में ये शेयर है या खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले जान लीजिए एक्सपर्ट्स आखिर क्यों इतने बुलिश हो गए हैं और शेयर कहां तक जा सकता है...
बैंक के जून तिमाही (Q1) नतीजों के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। इसी के बाद कई ब्रोकरेज हाउस ने अपनी रेटिंग और टारगेट प्राइस बढ़ा दिए। सोमवार को शेयर करीब 9% की तेजी के साथ ₹87.35 के आसपास पहुंच गया। इस उछाल के बाद शेयर साल 2026 में भी पॉजिटिव रिटर्न की तरफ लौट आया।
ग्लोबल ब्रोकरेज Investec ने IDFC First Bank पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया है। इसका नया टारगेट प्राइस ₹115 दिया है, जो पुराने टारगेट प्राइस ₹96 से ₹19 ज्यादा है। यानी मौजूदा स्तर से भी शेयर में आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक की एसेट क्वालिटी लगातार बेहतर हो रही है और आने वाले समय में ग्रोथ बनी रह सकती है।
ब्रोकरेज CLSA ने भी बैंक की रेटिंग 'Hold' से बढ़ाकर 'Outperform' कर दी है। साथ ही टारगेट प्राइस भी बढ़ाकर ₹73 से ₹95 कर दिया गया है। CLSA के मुताबिक बैंक में डिपॉजिट ग्रोथ मजबूत रही। CASA रेशियो बढ़कर करीब 51% पहुंच गया और खराब लोन की स्थिति में सुधार देखने को मिला।
एक और बड़ी ब्रोकरेज Nomura ने भी अपना भरोसा जताया है। ब्रोकरेज ने नया टारगेट ₹95 दिया है, जो पहले ₹85 था। नोमुरा का कहना है कि बैंक की कमाई आने वाले वर्षों में और बेहतर हो सकती है। साथ ही बैंक का क्रेडिट कॉस्ट भी नियंत्रण में रहने की उम्मीद है।
IDFC First Bank ने चालू वित्त वर्ष के लिए भी सकारात्मक अनुमान जारी किए हैं। लोन ग्रोथ का लक्ष्य 20%, नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 5.8%, RoA (Return on Assets) करीब 1% है। इसके अलावा क्रेडिट कॉस्ट का अनुमान घटाकर 150-160 बेसिस पॉइंट हो गया है। बैंक का यह भी कहना है कि माइक्रोफाइनेंस कारोबार में अब सुधार के संकेत मिल रहे हैं और इस सेगमेंट में करीब 15% ग्रोथ का लक्ष्य रखा गया है।
IDFC First Bank को कवर करने वाले 27 एनालिस्ट्स में से 17 ने BUY की सलाह दी है। 6 ने HOLD करने और चार ने SELL करने की सलाह दी है। यानी ज्यादातर एक्सपर्ट अभी भी इस शेयर को लेकर पॉजिटिव नजर आ रहे हैं।
ब्रोकरेज रिपोर्ट्स बताती हैं कि बैंक की एसेट क्वालिटी, डिपॉजिट ग्रोथ और कमाई में सुधार की उम्मीद बनी हुई है। हालांकि शेयर बाजार में किसी भी निवेश का फैसला सिर्फ टारगेट प्राइस देखकर नहीं लेना चाहिए। अगर आप इस शेयर में निवेश करना चाहते हैं, तो अपनी जोखिम क्षमता, निवेश अवधि और वित्तीय सलाहकार की राय जरूर ध्यान में रखें।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई ब्रोकरेज रेटिंग, टारगेट प्राइस और बाजार से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक रिपोर्ट्स पर आधारित है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश का फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।