
मुंबई. एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में साल 2019 में जमकर इजाफा हुआ है। 23 दिसंबर तक अंबानी की प्रॉपर्टी में 17 अरब डॉलर की बढ़ोत्तरी हुई। समाचार एजेंसी ब्लूमबर्ग ने नई लिस्ट जारी कर इसकी सूचना दी है। रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति बढ़कर 61 अरब डॉलर हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इन्डेक्स के मुताबिक अंबानी ने इस साल अच्छा मुनाफा कमाया है।
रिपोर्ट में जैक मा की संपत्ति में इस साल 11.3 अरब डॉलर की बढ़ोत्तरी बताई गई। इस सूचकांक के मुताबिक इसी अवधि में जेफ बेजोस की संपत्ति में 13.2 अरब डॉलर की कमी आई। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि रिलाइंस लिमिटेड के शेयर में इस साल 40 फीसद तक की बढ़ोत्तरी से अंबानी की कुल संपत्ति में यह वृद्धि हुई। इसके चलते उनकी नेटवर्थ 61 अरब डॉलर (4.34 लाख करोड़ रुपए) हो गई।
रिलायंस के शेयर्स में आया 40 फीसदी का उछाल
रिपोर्ट के मुताबिक, अंबानी की संपत्ति में इस इजाफे के पीछे प्रमुख वजह रही उनकी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 40 फीसदी का उछाल। यह उछाल इस अवधि में देश के बेंचमार्क एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स इंडेक्स के मुनाफे के दोगुने से भी ज्यादा है। इन्वेस्टर्स रिलायंस पर पैसा लगा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि टेलीकम्युनिकेशंस और रिटेल जल्द ही मोटा पैसा बरसाएंगे। देश में अमेजन की तर्ज पर लोकल ई-कॉमर्स खड़ा करने के लक्ष्य के तहत अंबानी ने जियो पर अब तक तकरीबन 50 अरब डॉलर खर्च किए हैं। इसका नतीजा यह हुआ है कि तीन साल में जियो इस क्षेत्र में नंबर 1 हो गया है। वहीं मुकेश अंबानी ने अगस्त में कहा था कि ऑयल और गैस जैसे पारंपरिक व्यापारों से इतर टेलीकम्युनिकेशंस और रिटेल जैसे नए कारोबारों से कुछ सालों में रिलायंस की 50 फीसदी कमाई होगी। फिलहाल यह 32 फीसदी है।
कर्ज में भी डूबी है रिलायंस
रिलांयस जियो के देशभर में 35 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। जियो ने सितंबर तिमाही में 9.96 अरब रुपए की नेट इनकम की थी। इसके बावजूद कंपनी पर बढ़ता कर्ज इन्वेस्टर्स को परेशान करता रहा है। पिछले पांच साल में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 76 अरब डॉलर खर्च किए हैं। कंपनी पर मार्च 31 तक 1.54 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News