
मुंबई: अपनी मेहनत की कमाई और ईमानदारी से भरे गए टैक्स के पैसों से मुंबई में घर खरीदने निकले एक शख्स का किस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उसका अनुभव बताता है कि कैसे देश का मौजूदा सिस्टम ईमानदार टैक्सपेयर्स के लिए ही मुश्किलें खड़ी कर देता है। रेडिट पर अपनी कहानी शेयर करते हुए इस शख्स ने बताया कि वह और उसकी पत्नी पिछले एक साल से मुंबई में अपने लिए एक घर की तलाश कर रहे थे।
आखिरकार, उन्हें कांदिवली ईस्ट में 1,070 स्क्वायर फीट का एक फ्लैट पसंद आया। फ्लैट के मालिक ने सभी टैक्स मिलाकर इसकी कीमत 4.31 करोड़ रुपये बताई। काफी मोलभाव के बाद शख्स 4.21 करोड़ रुपये तक देने को तैयार हो गया, लेकिन मालिक ने मना कर दिया। लेकिन डील टूटने की वजह सिर्फ कीमत का अंतर नहीं था।
शख्स का माथा तब ठनका जब मालिक ने एक ऐसी शर्त रखी जिससे वह परेशान हो गया। मालिक चाहता था कि 4.31 करोड़ की कुल डील में से 80 लाख रुपये उसे कैश यानी ब्लैक मनी के तौर पर दिए जाएं। मालिक का प्लान था कि प्रॉपर्टी के कागजों (डीड) में फ्लैट की कीमत 4.31 करोड़ की जगह सिर्फ 3.50 करोड़ रुपये दिखाई जाएगी, ताकि वह टैक्स बचा सके। इस मांग ने घर खरीददार को निराश कर दिया, क्योंकि उसे अपनी मेहनत की सफेद कमाई को इस घर के लिए काला बनाना पड़ता।
उसने लिखा, "मैं एक सैलरी वाला इंसान हूं, मेरा टैक्स तो TDS के जरिए पहले ही कट जाता है। हम खराब इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच जी रहे हैं और ऊपर से लोग हमसे 80 लाख रुपये कैश में अरेंज करने को कह रहे हैं। मैं इस सबसे पूरी तरह तंग आ चुका हूं।"
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने जमकर रिएक्शन दिए। ज्यादातर लोगों ने उसे सलाह दी कि वह इस ब्लैक मनी वाले चक्कर में न पड़े और कोई दूसरी प्रॉपर्टी देखे। कुछ ने यह भी बताया कि अगर वह कागजों में कीमत कम दिखाता है, तो भविष्य में इस फ्लैट को बेचते समय उसे खुद कैपिटल गेन्स टैक्स के रूप में भारी नुकसान होगा। वहीं, कुछ यूजर्स ने मजेदार सलाह देते हुए कहा कि इससे तो अच्छा है कि 4।3 करोड़ रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट या बॉन्ड में लगाकर उसके ब्याज से किराए के घर में रहा जाए।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।