
नौकरी पाने के लिए सिर्फ़ क्वालिफ़िकेशन और अनुभव ही काफ़ी नहीं है, बल्कि मौके के हिसाब से सही कपड़े पहनना भी ज़रूरी है। सोशल मीडिया पर आजकल एक ऐसी ही घटना की चर्चा हो रही है। अमेज़ॅन प्राइम वीडियो की सोशल एंड एडिटोरियल लीड, भविष्या जैन ने अपना एक अनुभव शेयर किया है, जिसमें एक लड़की को सिर्फ़ एक टी-शर्ट पर लिखे स्लोगन की वजह से नौकरी गंवानी पड़ी। भविष्या ने ये पूरा किस्सा अपने लिंक्डइन पोस्ट पर बताया है।
भविष्या ने बताया कि करीब तीन महीने पहले, वह अपनी कंपनी में एक क्रिएटिव पद के लिए कैंडिडेट ढूंढ रही थीं। तभी उनकी नज़र एक लड़की के बायोडाटा पर पड़ी। लड़की का प्रोफ़ाइल काफ़ी दमदार था - टैलेंटेड, अच्छा अनुभव और सोशल मीडिया पर 50,000 से ज़्यादा फॉलोअर्स। भविष्या को प्रोफ़ाइल पसंद आया और उन्होंने लड़की को इंटरव्यू के लिए ऑफिस बुला लिया।
लेकिन, जैसे ही वो लड़की इंटरव्यू के लिए सामने आई, भविष्या ने उसे रिजेक्ट करने का मन बना लिया। ऐसा उसके कपड़ों की वजह से नहीं, बल्कि टी-शर्ट पर लिखे एक स्लोगन की वजह से हुआ। भविष्या ने लिखा, "मैंने इंटरव्यू शुरू होने से पहले ही उसे रिजेक्ट कर दिया। उसकी टी-शर्ट पर लिखा था: 'I'm too hot for a job' (मैं नौकरी के लिए कुछ ज़्यादा ही हॉट हूं)।" भविष्या ने साफ़ किया कि यह कोई ड्रेस कोड थोपने की बात नहीं है, बल्कि सही मौके पर सही कपड़े पहनने और सही भाषा का इस्तेमाल करने के महत्व को समझने की बात है।
जब आपके पास खुद को साबित करने के लिए सिर्फ़ 30 मिनट हों, तो आपका पोर्टफोलियो और बात करने का तरीका ही नहीं, बल्कि आपके कपड़े भी बहुत मायने रखते हैं। आपके कपड़ों पर लिखे शब्द आपके बोलने से पहले ही सामने वाले तक आपका मैसेज पहुंचा देते हैं। भविष्या के मुताबिक, उस लड़की ने बिना कुछ कहे ही यह जता दिया था कि उसे उस नौकरी की ज़रूरत नहीं है, और उन्होंने इस बात पर यकीन कर लिया। टैलेंट और काबिलियत होने के बावजूद, सिर्फ़ पहनावे की एक गलती की वजह से लड़की को नौकरी से हाथ धोना पड़ा। अब यह घटना इंटरनेट पर एक बड़ी बहस का मुद्दा बन गई है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।