
नई दिल्ली: ऑडी ने अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार Q4 ई-ट्रॉन का फेसलिफ़्टेड वर्जन दुनिया भर में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे नए स्टाइल, बेहतर केबिन और बढ़ी हुई परफॉर्मेंस के साथ पेश किया है। यह कार SUV और स्पोर्टबैक, दोनों बॉडी स्टाइल में मिलेगी। ऑडी ने Q4 ई-ट्रॉन के सिग्नेचर डिज़ाइन को बरकरार रखते हुए इसे और आकर्षक बनाने के लिए कुछ छोटे-मोटे बदलाव किए हैं। कार के फ्रंट में अब नए कस्टमाइज़ेबल LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स और मैट्रिक्स LED हेडलैम्प्स मिलते हैं। इसकी ग्रिल अब बॉडी-कलर की है, जिस पर ग्लॉस ब्लैक बॉर्डर और सिल्वर एक्सेंट दिए गए हैं।
कार की एयरोडायनामिक्स को बेहतर बनाने के लिए बंपर में फंक्शनल एयर इनटेक भी दिए गए हैं। कंपनी ग्राहकों को 19 से 21 इंच तक के पांच नए अलॉय व्हील डिजाइन का ऑप्शन दे रही है। इसके SUV और स्पोर्टबैक, दोनों वेरिएंट में स्टाइलिंग के मामले में काफी कुछ एक जैसा है। इसमें कनेक्टेड OLED टेललाइट्स, कॉन्ट्रास्टिंग बंपर इंसर्ट और नए डिजाइन की स्किड प्लेट शामिल हैं।
अगर इंटीरियर की बात करें, तो ऑडी Q4 ई-ट्रॉन फेसलिफ्ट में एक नया ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट दिया गया है। इसमें 11.9 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 12.8 इंच का सेंट्रल इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और एक ऑप्शनल 12 इंच का पैसेंजर डिस्प्ले शामिल है। यह सिस्टम ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले को भी सपोर्ट करता है। इस नए मॉडल में फिजिकल क्लाइमेट कंट्रोल बटन हटा दिए गए हैं और अब सारे फंक्शन टचस्क्रीन इंटरफेस के जरिए ही कंट्रोल होते हैं।
ऑडी ने केबिन लेआउट में भी हल्के-फुल्के बदलाव किए हैं, जिसमें इंटीग्रेटेड आर्मरेस्ट के साथ एक बड़ा सेंटर कंसोल शामिल है। स्टीयरिंग व्हील पर अब टच-सेंसिटिव इनपुट वाले रोलर कंट्रोल्स मिलते हैं। कार का बूट स्पेस 515 लीटर है, जो पहले से थोड़ा कम है। हालांकि, पीछे की सीटों को फोल्ड करके इसे 1,487 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है।
Q4 ई-ट्रॉन में 59 kWh और 77 kWh के बैटरी पैक ऑप्शन मिलते हैं। इसके पिछले पहियों पर लगी नई APP350 इलेक्ट्रिक मोटर न सिर्फ परफॉर्मेंस बढ़ाती है, बल्कि कार की ओवरऑल एफिशिएंसी को भी लगभग 10 प्रतिशत तक बेहतर बनाती है। इसका रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट 286 hp की पावर और 545 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि यह वेरिएंट 592 किलोमीटर तक की रेंज देता है। वहीं, ऑल-व्हील ड्राइव वर्जन 340 hp की पावर और 554 किलोमीटर की रेंज ऑफर करता है। कंपनी ने चार्जिंग स्पीड में भी सुधार किया है। डीसी फास्ट चार्जिंग अब 185 kW की है, जिससे बैटरी सिर्फ 27 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है। सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में यह कार 185 किलोमीटर तक चल सकती है।
जर्मनी में फेसलिफ़्टेड Q4 ई-ट्रॉन SUV की कीमत £47,500 (लगभग 52.55 लाख रुपये) से शुरू होती है, जबकि स्पोर्टबैक की कीमत £49,450 (लगभग 54.70 लाख रुपये) से शुरू होती है। कंपनी ने भारत में इसके लॉन्च को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।