
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें बताया गया है कि कैसे एक कंपनी के पुराने कर्मचारियों के लिखे ऑनलाइन रिव्यू की वजह से कंपनी में कोई नया आदमी नौकरी जॉइन करने को तैयार नहीं है। यह किस्सा उन कंपनियों के लिए एक सबक है जो अपने कर्मचारियों की बातों को अनसुना कर देती हैं।
एक कंपनी में पिछले कुछ हफ्तों से अजीब बात हो रही थी। इंटरव्यू पास करने के बाद भी कैंडिडेट ऐन मौके पर जॉइन करने से मना कर रहे थे। पोस्ट के मुताबिक, ऐसा करीब 10 बार हो चुका था। जब कोई भी नई भर्ती नहीं हो पा रही थी, तो कंपनी का हायरिंग डिपार्टमेंट यानी HR टीम बड़ी मुश्किल में पड़ गई। इस वजह से ऑफिस के अंदर भी माहौल खराब होने लगा और सीनियर अधिकारी एक-दूसरे पर इल्जाम लगाने लगे।
आखिरकार, HR टीम ने यह पता लगाने का फैसला किया कि आखिर लोग जॉइन क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने उन सभी कैंडिडेट्स से दोबारा संपर्क किया और नौकरी न लेने की वजह पूछी। कैंडिडेट्स का जवाब सुनकर HR टीम हैरान रह गई।
सभी कैंडिडेट्स ने एक ही जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जॉब रिव्यू वेबसाइट्स और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर कंपनी के बारे में बहुत खराब बातें लिखी हुई हैं और वे ऐसे माहौल में काम नहीं करना चाहते। ये रिव्यू उन पुराने कर्मचारियों ने लिखे थे, जो कंपनी छोड़कर जा चुके थे। पोस्ट में आगे बताया गया है कि इन खराब रिव्यू की असली वजह एक सीनियर मैनेजर का बुरा बर्ताव और गलत लीडरशिप स्टाइल था। उसके खराब व्यवहार से तंग आकर कई कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ दी थी और अपने बुरे अनुभव ऑनलाइन शेयर कर दिए थे। यही बात कंपनी की नई भर्तियों के आड़े आ रही थी।
एक मीटिंग में HR मैनेजर ने खुद यह बात मानी कि खराब ऑनलाइन रिव्यू की वजह से अच्छी क्वालिटी के कैंडिडेट नहीं मिल पा रहे हैं। मीटिंग में यह भी बात सामने आई कि नौकरी छोड़ने से पहले कर्मचारियों ने उस सीनियर मैनेजर के खराब बर्ताव के बारे में HR को ईमेल भी किए थे, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया था।
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने अपनी राय दी। ज्यादातर लोगों का कहना था कि यह उन कंपनियों के लिए एक चेतावनी है जो कर्मचारियों की शिकायतों पर ध्यान नहीं देतीं। कई यूजर्स ने लिखा कि किसी भी कंपनी की लंबे समय की सफलता के लिए अच्छा वर्क कल्चर और कर्मचारियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार बहुत जरूरी है। हालांकि, यह जानकारी एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है और इस घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।