
Government Jobs in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने राजस्व विभाग (UP Revenue Department) में हजारों खाली पदों पर भर्ती की तैयारी तेज कर दी है। लंबे समय से खाली पड़े पदों के कारण जमीन से जुड़े मामलों में जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस पूरे भर्ती अभियान को मिशन मोड में शुरू किया जा रहा है। हाल ही में हुई एक समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लेखपाल (Lekhpal), नायब तहसीलदार (Naib Tehsildar) और राजस्व लिपिक (Revenue Clerk) जैसे अहम पदों को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि जमीन से जुड़े मामलों का निपटारा तेज गति से किया जा सके। इस आदेश के बाद संबंधित भर्ती आयोगों को प्रस्ताव भेज दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से जो भर्ती योजना बनाई गई है, उसके तहत कुल 9,640 पदों पर सीधी और प्रमोशन के माध्यम से भर्तियां की जाएंगी। सबसे ज्यादा भर्ती लेखपाल (Lekhpal Bharti 2025) के पदों पर की जाएगी। कुल 7,531 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। ये भर्तियां उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के जरिए की जाएंगी। बता दें कि लेखपाल के कुल 30,837 पद हैं, जिनमें से ये रिक्तियां काफी समय से पेंडिंग थीं।
नायब तहसीलदार (Naib Tehsildar) के 353 पद भी जल्द भरे जाएंगे। इन पदों के लिए भर्ती प्रस्ताव उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को भेजा जा चुका है। नायब तहसीलदार के कुल 1,234 पद हैं।
इसके अलावा राजस्व लिपिक (Revenue Clerk) के 4,694 रिक्त पदों को भी भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इनमें से 2,938 पद प्रमोशन के जरिए और 1,756 पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। प्रमोशन प्रक्रिया राजस्व परिषद स्तर पर शुरू हो चुकी है, जबकि सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।
सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि राजस्व विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाई जाए और भूमि संबंधी विवादों का तेजी से निपटारा हो सके। इसके अलावा, यह भर्ती अभियान युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
Revenue Clerk Bharti 2025 के लिए डिटेल पात्रता, आवेदन की तिथि और चयन प्रक्रिया की जानकारी आयोग की ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी होने पर ही मिलेगी। अगर आप उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो यह मौका आपके लिए सुनहरा हो सकता है। जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इसलिए अभी से तैयारी शुरू कर दीजिए और संबंधित आयोगों की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।