
अमेरिका में H-1B वीज़ा पर काम कर रहे एक भारतीय कपल की कहानी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। ये कपल एक बड़ी मुश्किल में फंसा है। एक तरफ पत्नी की मां भारत में कैंसर की आखिरी स्टेज से जूझ रही हैं, और दूसरी तरफ अमेरिका वापस आने के लिए वीज़ा स्टैंपिंग में होने वाली देरी का डर है, जिससे उनकी नौकरी जा सकती है।
इस कपल ने अपनी परेशानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर की है। पोस्ट के मुताबिक, ये जोड़ा अमेरिका में रहता है और उनके दो बच्चे हैं- एक मिडिल स्कूल में है और दूसरा अभी छोटा है। हाल ही में पता चला कि पत्नी की मां को कैंसर है और उनकी हालत गंभीर है। ऐसे में परिवार का भारत आना ज़रूरी है।
लेकिन एक बड़ी समस्या है। उनके पासपोर्ट पर H-1B वीज़ा की स्टैंपिंग की मियाद खत्म हो चुकी है। मौजूदा नियमों के मुताबिक, अगर वे अमेरिका से बाहर जाते हैं, तो उन्हें वापस आने के लिए भारत में अमेरिकी दूतावास या कॉन्सुलेट से अपने वीज़ा की स्टैंपिंग करवानी होगी।
ट्रम्प प्रशासन के समय से ही सोशल मीडिया स्क्रीनिंग और सख्त बैकग्राउंड जांच जैसे नियम लागू हैं। इस वजह से वीज़ा अपॉइंटमेंट मिलने में महीनों लग जाते हैं। कपल को डर है कि अगर वे भारत आए और समय पर वीज़ा स्टैंपिंग नहीं हुई, तो वे वक्त पर अमेरिका वापस नहीं लौट पाएंगे। इससे दोनों की नौकरी जा सकती है।
अब पति इस दुविधा में है कि क्या पत्नी को अकेले भारत भेजना चाहिए या फिर दोनों बच्चों के साथ पूरे परिवार को जाना चाहिए।
इस पोस्ट पर दूसरे प्रवासी भारतीयों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों का कहना है कि नौकरी से बढ़कर मां होती है, इसलिए पूरे परिवार को साथ जाना चाहिए। कुछ लोगों ने सलाह दी कि सुबह 2 या 3 बजे वेबसाइट चेक करके इमरजेंसी अपॉइंटमेंट ढूंढने की कोशिश करें।
वहीं, कुछ लोगों ने प्रैक्टिकल सलाह देते हुए कहा कि जोखिम न लें। पत्नी को अकेले भारत जाना चाहिए और पति को बच्चों के साथ अमेरिका में ही रुकना चाहिए। उनका मानना है कि एक व्यक्ति के लिए वीज़ा अपॉइंटमेंट मिलना आसान होता है।
इस बीच, कुछ लोगों ने अपना अनुभव साझा करते हुए हिम्मत भी बंधाई। उन्होंने कहा कि अगर सारे कागज़ात सही हैं, तो डरने की कोई बात नहीं है और वे सुरक्षित वापस आ सकते हैं।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।