
अक्सर माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य के लिए अपनी ख्वाहिशों और सपनों को पीछे छोड़ देते हैं। सालों बाद जब बच्चे कामयाब होते हैं, तो वे अपने मां-बाप के उन अधूरे सपनों को पूरा करते हैं। ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक बेटे ने अपने पिता को एक शानदार सरप्राइज दिया है। दरअसल, पिता ने अपने बेटे की अच्छी पढ़ाई के लिए सालों पहले एक SUV कार खरीदने का अपना सपना छोड़ दिया था। अब जब बेटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) से पढ़ाई पूरी करके कामयाब हो गया, तो उसने अपने पिता को एक नई चमचमाती कार गिफ्ट की। इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं।
वीडियो शेयर करने वाले बेटे ने बताया कि कैसे उनके पिता ने बचपन से ही परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए त्याग किया। उन्होंने परिवार की जरूरतों, खासकर बेटे की अच्छी शिक्षा को हमेशा पहली तरजीह दी। इसी वजह से उन्होंने सालों से एक SUV खरीदने का अपना सपना टाल दिया था। वीडियो में बेटा बताता है कि उसके पिता ने अपनी इच्छाओं से ज्यादा उसके भविष्य को महत्व दिया।
IIM से पढ़ाई पूरी करने और नौकरी लगने के बाद बेटे ने अपने पिता के त्याग का शुक्रिया अदा करने के लिए यह सरप्राइज प्लान किया। बेटे ने बताया कि उसकी इच्छा थी कि वह अपने पिता के रिटायरमेंट से कम से कम एक दिन पहले उन्हें यह कार गिफ्ट करे, लेकिन नौकरी लगने के 6 महीने के अंदर ही उसने यह सपना पूरा कर दिया। वीडियो का सबसे खास पल वह है जब बेटा पूरे परिवार के साथ पिता को कार शोरूम ले जाता है और नई कार की चाबी उनके हाथ में थमा देता है। पहले तो पिता को समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है, लेकिन जैसे ही उन्हें पता चलता है कि यह कार उनके लिए तोहफा है, वह भावुक हो जाते हैं और उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं। परिवार के बाकी लोग भी इस पल में इमोशनल हो जाते हैं।
सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को 'माता-पिता के त्याग का बेटे की तरफ से सबसे बड़ा जवाब' बता रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस घटना को अपने पारिवारिक जीवन से जोड़कर कमेंट्स किए। कुछ यूजर्स ने लिखा कि यह वीडियो भारतीय परिवारों की सच्चाई दिखाता है, जहां माता-पिता अपनी इच्छाओं को मारकर बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को प्राथमिकता देते हैं। लोगों ने पिता के त्याग का सम्मान करने के बेटे के इस तरीके की जमकर तारीफ की।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।