लोगों ने फेलियर बताया, बार-बार किया खारिज, इन 6 लोगों की सक्सेस को रोज सलाम करती है दुनिया

कहावत है कि असफलता ही सफलता की जननी है। हर व्यक्ति को जीवन के किसी न किसी मोड़ पर असफलता का सामना करना पड़ता है। लेकिन इसे लेकर आपका रवैया क्या रहता है, इसी पर सब कुछ निर्भर करता है। 

Asianet News Hindi | Published : Nov 4, 2019 7:30 AM IST / Updated: Nov 04 2019, 01:05 PM IST

करियर डेस्क। कहावत है कि असफलता ही सफलता की जननी है। हर व्यक्ति को जीवन के किसी न किसी मोड़ पर असफलता का सामना करना पड़ता है। लेकिन इसे लेकर आपका रवैया क्या रहता है, इसी पर सब कुछ निर्भर करता है। आज हम जिन 6 सबसे सफल आंत्रप्रेन्योर्स के बारे में बताने जा रहे हैं, उन्हें जीवन में कई असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपने पॉजिटिव एटिट्यूड से अपनी असफलताओं को बड़ी सफलता में बदल दिया। ये लोग इतने सफल रहे कि पूरी दुनिया में इनकी चर्चा होती है।

1. एरियाना हफिंगटन
इस पर यकीन कर पाना शायद मुश्किल होगा कि ऑनलाइन पब्लिकेशन के क्षेत्र में सबसे बड़े ऑथर्स में शुमार एरियाना हफिंगटन को एक दर्जन बड़े पब्लिशर्स ने रिजेक्ट कर दिया था। उनकी दूसरी किताब जिसने सफलता के परचम लहराए, पब्लिकेशन के पहले 36 बार रिजेक्ट कर दी गई थी। यहां तक कि पब्लिकेशन के बाद भी इसके नेगेटिव रिव्यूज सामने आए, लेकिन एरियाना हफिंगटन ने हिम्मत नहीं हारी और आज वे वेब पर सबसे सफल राइटर्स में गिनी जाती हैं।

2. बिल गेट्स
बिल गेट्स को आज कौन नहीं जानता। वे दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति हैं। लेकिन शुरुआती दौर में उन्हें बड़ी असफलताओं का सामना करना पड़ा था। गेट्स ने बिजनेस के क्षेत्र में ट्रैफ-ओ-डाटा कंपनी के माध्यम से प्रवेश किया था। इस कंपनी का काम ट्रैफिक टेप्स के डाटा को प्रॉसेस और एनालाइज करना था। उन्होंने अपने बिजनेस पार्टनर पॉल एलन के साथ मिल कर यह काम शुरू किया था, लेकिन यह पूरी तरह असफल रहा। बावजूद इसके उन्होंने नए अवसरों की तलाश जारी रखी और कुछ ही सालों के बाद माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआत की।

3. जॉर्ज स्टेनब्रेनर
न्यूयॉर्क यांकीज की ओनरशिप हासिल करने के पहले स्टेनब्रेनर साल 1960 में क्लीवलैंड पाइपर्स नाम की एक छोटी बॉस्केटबॉल टीम के मालिक थे। उनके निर्देशन में काम कर रही यह टीम 1962 में पूरी तरह दिवालिया हो गई। यह असफलता लगातार उनका पीछा करती रही। 1970 में जब उन्होंने यांकीज को टेकओवर किया तो टीम को लगातार कई असफलताओं का सामना करना पड़ा और भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। लगातार आलोचनाओं के बावजूद उन्होंने आश्चर्यजनक वापसी की और 1996 से 2003 तक 6 वर्ल्ड सीरीज में उन्हें जोरदार सफलता मिली। आज न्यूयॉर्क यांकीज सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली लीग बेसबॉल टीम है।

4. वाल्ट डिज्नी
20वीं सदी के सबसे बड़े क्रिएटिव जीनियस को एक न्यूजपेपर ने क्रिएटिविटी की कमी के चलते नौकरी से हटा दिया था। इसके बाद डिज्नी ने लाफ-ओ-ग्राम नाम की अपनी एनिमेशन कंपनी बनाई। उन्होंने कंपनी के लिए 1500 डॉलर जुटाए, लेकिन उन्हें कंपनी बंद करनी पड़ी। बेहद निराश और पैसों की कमी की समस्या से जूझ रहे डिज्नी ने तब हॉलीवुड का रुख किया, लेकिन वहां भी उन्हें असफलता और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। लेकिन कुछ ही समय के बाद उनकी क्लासिक फिल्मों ने सफलता के झंडे गाड़ दिए।

5. स्टीब जॉब्स
स्टीब जॉब्स का नाम कौन नहीं जानता। एक आंत्रप्रेन्योर  के रूप में उन्होंने जितने इनोवेशन किए, उतने शायद ही किसी ने किए होंगे। जॉब्स को काफी कम उम्र में ही सफलता मिल गई थी। उन्होंने एप्पल कंपनी को एक बड़े बिजनेस एम्पायर में बदल दिया था। लेकिन जब वे 30 साल के थे, उनकी अपनी ही कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उन्हें निकालने का फैसला किया। लेकिन जॉब्स ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने NeXT नाम की एक दूसरी कंपनी बनाई जिसने बाद में एप्पल का अधिग्रहण कर लिया। एक बार एप्पल में दोबारा वापसी के बाद जॉब्स ने कपंनी को सफलता की बुलंदियों पर पहुंचा दिया और एप्पल दुनिया का जाना-माना ब्रांड बन गया। 

6. मिल्टन हर्शे
आज हर कोई हर्से के चॉकलेट के बारे में जानता है। यह दुनिया का जाना-माना ब्रांड है। लेकिन जब मिल्टन हर्शे ने कैंडी प्रोडक्शन का काम शुरू किया था, उन्हें शायद ही कोई जानता था। शुरुआत में उन्हें सफलता नहीं मिली। उन्होंने तीन कंपनियां बनाई, पर सब फेल हो गईं। इसके बाद उन्होंने लैंकस्टर कारमेल कंपनी बनाई और बड़े पैमाने पर मिल्क चॉकलेट का प्रोडक्शन शुरू किया। इसमें उन्हें बहुत सफलता मिली और हर्शे कंपनी इस इंडस्ट्री का जाना-माना नाम बन गई।  
 

Share this article
click me!