2003 वर्ल्ड कप में सचिन को आउट करने पर शोएब अख्तर ने कहा- मुझे काफी दुख हुआ था, उन्हें छक्का मारना चाहिए था

Published : May 18, 2020, 12:48 AM IST
2003 वर्ल्ड कप में सचिन को आउट करने पर शोएब अख्तर ने कहा- मुझे काफी दुख हुआ था, उन्हें छक्का मारना चाहिए था

सार

शोएब ने बताया कि 'मुझे सचिन के विकेट लेने के बाद काफी दुख हुआ था। क्योंकि सचिन उस वक्त 98 रन पर खेल रहे थे और सिर्फ दो रन से वे अपने शतक से चूक गए थे। मुझे ऐसा लगता है कि सचिन के लिए वह एक खास पारी थी और उन्हें शतक लगाना चाहिए था। 

स्पोर्ट्स डेस्क. दुनिया में फैली कोरोना महामारी के चलते लोग अपने घरों में कैद हैं। वहीं अगर हम खेल जगत की बात करें तो इस समय कई बड़े टूर्नामेंट या तो रद्द कर दिए गए हैं या उन्हें कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। ऐसे में खिलाड़ी इन दिनों मैदान छोड़ सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में अपने बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया एप हेलो पर लाइव चैट किया। इस दौरान उन्होंने साल 2003 में हुए विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बताया कि उस मैच में वे सचिन तेंदुलकर को आउट करने के बाद काफी दुखी हुए थे। क्योंकि उन्हें ऐसा लगता है कि उनके कारण उस दिन सचिन शतक लगाने से चूक गए थे। 

शोएब चाहते थे कि सचिन शतक लगाएं
शोएब ने बताया कि 'मुझे सचिन के विकेट लेने के बाद काफी दुख हुआ था। क्योंकि सचिन उस वक्त 98 रन पर खेल रहे थे और सिर्फ दो रन से वे अपने शतक से चूक गए थे। मुझे ऐसा लगता है कि सचिन के लिए वह एक खास पारी थी और उन्हें शतक लगाना चाहिए था। अगर वे उस बाउंसर पर छक्का लगा देते तो मुझे मजा आ जाता। क्योंकि वे पहले ऐसा कर चुके थे।'
 
भारत ने इस मैच को जीत लिया था
हालांकि इस मैच में शोएब अख्तर काफी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने 72 रन देकर सिर्फ एक विकेट सचिन का लिया था। बतादें कि भारत ने इस मैच को जीता था। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 273 रन बनाए थे। जिसके जबाव में भारत ने महज 4 विकेट खोकर ही इस मैच को अपने नाम कर लिया था। सचिन ने इस मैच में 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 75 गेंद पर 98 रनों की पारी खेली थी। शोएब ने इस दौरान मास्टर ब्लास्टर की जमकर तारीफ की। सचिन ने भारतीय टीम के लिए उस समय क्रिकेट खेला जब काफी कठिन समय था। 

विराट की तुलना सचिन से नहीं की जा सकती
लाइव चैट में जब उनसे सचिन से विराट कोहली की तुलना के बारे में उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 'सचिन ने भारतीय टीम के लिए उस समय क्रिकेट खेला है जब काफी कठिन समय था। इस मामले में विराट कोहली काफी भाग्यशाली हैं जो इस दौर में क्रिकेट खेल रहे हैं। अगर सचिन इस दौर में खेल रहे होते तो उनके नाम 1.30 लाख से ज्यादा रन होते। विराट कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से करना गलत है। 

खाली स्टेडियम में मैच खेलना जैसे दुल्हन के बिना शादी
इस दौरान शोएब अख्तर ने यह भी बताया कि वो नहीं चाहते कि खाली स्टेडियम में क्रिकेट मैच खेला जाये। अगर ऐसा होता है तो यह ठीक वैसे ही होगा जैसे बिना दुल्हन के शादी हो रही है। उन्होंने कहा, 'खाली स्टेडियम में क्रिकेट बोर्ड को नुकसान होने से बचा सकता है लेकिन आप इसकी मार्केटिंग नहीं कर पाएंगे। आपको मैच के लिए दर्शकों की जरूरत होगी। इनके बदौलत ही क्रिकेटर स्टार बनते हैं। उन्होंने आगे कहा, 'मुझे उम्मीद है कि एक साल के भीतर कोरोना की स्थिति सामान्य हो जाएगी'
 

PREV

Recommended Stories

Ind vs Eng Records: इंग्लैंड को हराकर टीम इंडिया ने चकनाचूर कर डाले 5 बड़े रिकॉर्ड्स
Ind vs Eng Viral Moment: भारत की जीत में ‘नंबर 7’ का अजीब संयोग, धोनी को क्यों क्रेडिट दे रहे फैंस?