इन मुख्यमंत्रियों ने अरविंद केजरीवाल को दी बधाई, जानिए किसने क्या कहा?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतगणना के रुझानों में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ी जीत का संकेत मिलने पर  देश भर से बधाई मिल रही है किसी ने इसे विकास की जीत बताया तो किसी ने इसे सांप्रदायिकता की राजनीति पर विकास की राजनीति की जीत बताया

Asianet News Hindi | Published : Feb 11, 2020 12:18 PM IST / Updated: Feb 11 2020, 06:27 PM IST

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतगणना के रुझानों में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ी जीत का संकेत मिलने पर देश भर से बधाई मिल रही है किसी ने इसे विकास की जीत बताया तो किसी ने इसे सांप्रदायिकता की राजनीति पर विकास की राजनीति की जीत बताया।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दी बधाई

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल को विधानसभा चुनाव में ‘शानदार जीत’ को लेकर बधाई दी और कहा कि यह विजय देश में समावेशी राजनीति की अग्रदूत होगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ दिल्ली चुनाव में शानदार जीत के लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बधाई। कामना है कि यह विजय हमारे देश में जनोन्मुखी और समावेशी राजनीति की अग्रदूत हो।’’

पायलट ने केजरीवाल को बधाई दी

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के लिए आम आदमी पार्टी व अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। पायलट ने विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद आप व केजरीवाल को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘जोरदार जीत के लिए आम आदमी पार्टी व अरविंद केजरीवाल को बधाई। दिल्ली को और बेहतर बनाने के लिए आपको शुभकामनाएं।’’

पायलट ने लिखा, ‘'जनता बोली है। लोकतंत्र मजबूत हुआ है। उम्मीद है कि कटुता समाप्त होगी।'’

दिल्ली की जनता ने विकास को चुना

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सत्ता में पुन: वापसी के संकेत के बीच कहा कि दिल्ली की जनता ने केवल विकास को चुना और भाजपा का असली चेहरा पूरे देश में पहचाना जा रहा है।

दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने के सवाल पर कमलनाथ ने मंगलवार को मीडिया से कहा,‘‘ यह तो पहले से हम जानते थे। पर सबसे बड़ी बात है कि इतनी लम्बी-चौड़ी बातें करने वाली भाजपा का क्या परिणाम हुआ। मोदी जी तो दिल्ली के सबसे ज्यादा करीब हैं। अगर लोग संतुष्ट होते तो भाजपा को चुन लेते।’’ 

यह पूछे जाने पर कि दिल्ली की जनता ने शाहीन बाग जैसे मुद्दे को नकार दिया, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (जनता) केवल विकास की बात की। भारतीय जनता पार्टी का सही चेहरा पूरे देश में पहचाना जा रहा है।’’ 

एक सवाल के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगों का ध्यान मोड़ने की राजनीति है। भाजपा नेता और मोदी जी बेरोजगारी के बारे में, कृषि क्षेत्र के बारे में बात नहीं करते, बल्कि राष्ट्रवाद, पाकिस्तान और सीएए पर बात करते हैं।

सांप्रदायिकता की राजनीति को देश नकार रहा है

वामदल माकपा और भाकपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के शानदार प्रदर्शन के लिये पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुये कहा कि दिल्ली वालों ने भाजपा की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब देकर संकीर्ण राजनीति को नकार दिया है।

माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आप, अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की जनता को बधाई, जिसने भाजपा की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब दिया है। गाली और गोली की भाषा बोल रहे केन्द्रीय मंत्रियों को जनता ने सही जवाब दिया है।’’

नीतीश ने कहा जनता मालिक है

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीज को लेकर कहा कि जनता मालिक है। नीतीश की पार्टी जदयू भाजपा और लोजपा के साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा के चुनावी मैदान में उतरी थी ।

यहां मंगलवार को आरएसएस के विचारक दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर जब पत्रकारों ने उनसे दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर प्रश्न पूछे तो उन्होंने कहा कि जनता मालिक है। इतना कहकर वह आगे बढ गए।

नीतीश जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनकी पार्टी ने दिल्ली के दो विधानसभा क्षेत्रों-- बुरारी और संगम विहार में अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे थे और इन दोनों सीटों पर उनकी पार्टी के प्रत्याशी बड़े अंतर से पीछे हैं। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी में जदयू कभी भी बड़ी खिलाड़ी नहीं रही लेकिन भाजपा ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी को परास्त करने के लिए बिहार के अपने छोटे सहयोगियों का सहयोग लिया।

ममता ने केजरीवाल को बधाई दी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली में सत्ता में शानदार वापसी की राह पर दिख रहे आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को मंगलवार को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, “बधाई अरविंद केजरीवाल क्योंकि दिल्ली के परिणाम आम आदमी पार्टी को फिर से जबर्दस्त बहुमत के साथ दिल्ली चुनाव 2020 जिताते हुए दिखा रहे हैं। घृणा भाषणों और विभाजनकारी राजनीति के जरिए धर्म पर खेल खेल रहे नेताओं को इस इशारे को समझना चाहिए कि जो वादे पूरे करता है उसी को फल मिलता है।’’

इससे पहले बनर्जी ने बांकुरा जिले में संवददाताओं से कहा कि लोगों ने भाजपा की नीतियों को खारिज कर दिया और यह “लोकतंत्र की जीत है।”

अब मोदी जी के साथ मिलकर दिल्ली का काम करें 

केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम के शुरुआती रुझान में आप की निर्णायक बढ़त के आधार पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई देने के साथ ही उन्हें अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मिलकर दिल्ली के विकास पर ध्यान केन्द्रित करने की नसीहत भी दी।

आठवले ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा, ‘‘शुरुआती रुझान में 57 सीटों पर आप ने बढ़त बना ली है। इससे साफ है कि दिल्ली वालों ने देश में मोदी को और दिल्ली में केजरीवाल को पसंद किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लगातार दूसरी बार आप के शानदार प्रदर्शन के लिये मैं केजरीवाल को बधाई देता हूं। साथ ही उम्मीद करता हूं कि केजरीवाल अब प्रधानमंत्री मोदी के प्रति टकरावपूर्ण रवैया अपनाने के बजाए उनके साथ मिलकर काम करेंगे जिससे दिल्ली का विकास हो।’’
 

Share this article
click me!