
Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में एशियानेट न्यूज और सी फोर ने 23 सितंबर 2022 से 10 अक्टूबर 2022 के बीच प्री-पोल सर्वे यानी चुनाव पूर्व सर्वेक्षण किया। इसकी फाइनल रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा एक बार फिर राज्य की सत्ता पर काबिज होती दिख रही है। वहीं, दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के लिए आप मुसीबत बनती दिख रही है। सर्वे के मुताबिक गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी कई सीटों पर कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंचा रही है वहीं कई सीटों पर वह दोनों पार्टियों से आगे दिखाई दे रही है।
गुजरात में पिछले 27 सालों से कांग्रेस बीजेपी को पराजित नहीं कर पाई है। हालाँकि पिछले 2017 के चुनाव में कांग्रेस कड़ी चुनौती देते हुए बीजेपी को 99 सीट पर ले आई थी, और कांग्रेस ख़ुद 77 सीट जीत पाई थी, हालांकि कांग्रेस के 20 विधायक बाद में बीजेपी के पाले में चले गए थे। इस बार गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी एंट्री मारी है। आप के चुनावी मैदान में कूदने से सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस का हो रहा है। सर्वे के मुताबिक आप 5 से 14 सीटों पर बढ़त बना सकती है और कई सीटों पर उसकी बीजेपी व कांग्रेस से कड़ी टक्कर है।
इन सीटों पर आगे है आप- सर्वे
गुजरात में सौराष्ट्र का इलाका आम आदमी पार्टी के लिए सबसे फायदेमंद दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक सौराष्ट्र की 4 सीटों सहित कुल 6 सीटों पर आम आदमी पार्टी बढ़त बनाती दिख रही है। इन सीटों पर वह कांग्रेस का काफी नुकसान कर रही है। कई सीटों पर आम आदमी पार्टी की दोनों प्रमुख पार्टियों से सीधी टक्कर है। कई ऐसी सीटें हैं जहां बीते विधानसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस की सीधी टक्कर हुई थी और नतीजा बेहद नजदीकी था वहां भी कांग्रेस की जगह अब आम आदमी पार्टी बीजेपी से फाइट करती दिख रही है। जिन सीटों पर आम आदमी पार्टी आगे दिख रही है महुवा दक्षिण, भावनगर ग्रामीण, महुवा सौराष्ट्र, कोडिनार सौराष्ट्र, राजकोट ग्रामीण सौराष्ट्र, राजकोट पश्चिम सौराष्ट्र, वराछा रोड, करंज, माजुरा शामिल हैं।
16 फीसद वोटों के साथ आप सूबे में दर्ज करा सकती है उपस्थिति
एशियानेट न्यूज और सी फोर द्वारा 23 सितंबर 2022 से 10 अक्टूबर 2022 के बीच किये गए प्री-पोल सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी ने गुजरात में भले ही पहली बार एंट्री की हो लेकिन वह 16 फीसद वोटों के साथ तीसरी बड़ी पार्टी बन सकती है। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को जहां 31 फीसदी वोट मिल रहे हैं वहीं पहली बार चुनावी मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी को भी 16 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सर्वे के मुताबिक 48 फीसदी वोटों के साथ बीजेपी गुजरात की सबसे बड़ी पार्टी बनने जा रही है।
इन सीटों पर सीधी टक्कर में है आप- सर्वे
सर्वे के मुताबिक गुजरात चुनाव 27 ऐसी भी सीटें हैं जहां आम आदमी पार्टी विपक्षी दलों को सीधी टक्कर दे रही है। इनमें ज्यादातर सीटें ऐसी हैं जहां आप की बीजेपी से टक्कर है। आप द्वारा जिन सीटों पर सीधी टक्कर दी जा रही है उनमें सूरत पश्चिम, कटारगाम, उधना, लिंबायत, सूरत उत्तर, सूरत पूर्व, कामरेज, मंगरोल, ओलपाड, मंजलपुर, रावपुरा, दाहोद, गोधरा, मोरवा हदफ, बोटाद, तलजा, अमरेली, धारी, ऊना, सोमनाथ, जूनागढ़, खंभालिया दक्षिण , जामनगर दक्षिण, जामनगर ग्रामीण, दस्करोई, बापूनगर, गांधीधाम विधानसभा सीटें शामिल हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.