
अहमदाबाद(Gujrat). गुजरात विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। तारीखों का ऐलान भी हो चुका है। गुजरात में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा। चुनाव आयोग ने तीन नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया था कि पहले चरण की अधिसूचना आज यानी 5 नवंबर को जारी की जाएगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 10 नवंबर को जारी होगी। गुजरात में एक और पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजों का ऐलान आठ दिसंबर को किया जाएगा।
आयोग ने बताया कि गुजरात विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 18 फरवरी 2023 को खत्म हो रहा है। इस बार राज्य में कुल चार करोड़ 90 लाख 89 हजार 765 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं में दो करोड़ 53 लाख से अधिक पुरुष, जबकि 2 करोड़ 37 लाख के आसपास महिलाएं हैं। इस बार राज्य में 51 हजार 782 मतदान केंद्र और 142 मॉडल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों के लिए 182 और महिलाओं के लिए 1274 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
324422 मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
गुजरात चुनाव में इस बार तीन लाख 24 हजार 422 मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार 50 फीसदी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। राज्य में 1274 पोलिंग स्टेशनों पर सिर्फ महिलाओं की तैनाती की जाएगी। गुजरात चुनाव को लेकर चुनाव आयोग और प्रशासन दोनों ही पूरी तरह तैयार है, कोई कोर-कसर न रह जाए इसके लिए हर जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.