
समाज अक्सर प्यार और शादी को एक तय उम्र से जोड़कर देखता है, लेकिन मनोरंजन जगत के कई सितारों ने इस सोच को गलत साबित किया है। 61 साल के हुए आमिर खान ने गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट शादी का ऐलान कर सभी को चौंका दिया। वैसे जब उन्होंने पहली बार गौरी को मीडिया से रूबरू कराया था, तब उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस उम्र में शादी शायद उन पर जंचेगी नहीं। लेकिन फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में कई ऐसे सितारे हैं जिन्होंने 60 की उम्र पार करने के बाद प्यार को अपनाया और नई जिंदगी शुरू की। इनकी कहानियां बताती हैं कि सच्चा साथ और प्रेम उम्र का मोहताज नहीं होता।
आमिर खान ने अपने 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी स्प्रैट के साथ रिश्ते को सार्वजनिक किया था। दो बार शादी कर चुके आमिर ने बताया कि वह और गौरी पूरी तरह एक-दूसरे के प्रति समर्पित हैं। अब उन्होंने ऐलान कर दिया है कि वे 5 जुलाई 2026 को गौरी से तीसरी शादी करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले दो साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में हैं।
यह भी पढ़ें : 61 साल के आमिर खान की तीसरी शादी कब, कहां और कैसे होगी? यहां पढ़ें पूरी डिटेल
दिग्गज एक्ट्रेस सुहासिनी मुले को 60 साल की उम्र में प्यार मिला। उनकी मुलाकात भौतिक वैज्ञानिक अतुल गुर्टू से फेसबुक के जरिए हुई थी। शुरुआत में लोगों ने इस रिश्ते को लेकर सवाल उठाए, लेकिन दोनों ने अपने दिल की सुनी। अतुल अपनी पहली पत्नी को कैंसर के कारण खो चुके थे। बाद में सुहासिनी और अतुल ने एक-दूसरे में सुकून और अपनापन पाया। 16 जनवरी 2011 को हुई उनकी शादी इस बात का उदाहरण बनी कि प्यार सामाजिक धारणाओं और उम्र की सीमाओं से कहीं बड़ा होता है।
यह भी पढ़ें : 60 की उम्र में फेसबुक पर मिला सच्चा प्यार, 75 दिन में कर डाली शादी, कौन है यह दिग्गज एक्ट्रेस?
15 जनवरी 2016 को बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर कबीर बेदी ने 70 साल की उम्र में परवीन दुसांज से शादी कर सभी को हैरान कर दिया था। दोनों की उम्र में 29 साल का अंतर है। परवीन जहां 51 साल की हैं तो वहीं कबीर बेदी की उम्र 80 साल है। उम्र का बड़ा अंतर चर्चा का विषय बना, लेकिन इस जोड़े ने आलोचनाओं की परवाह नहीं की। कबीर और परवीन ने अपने रिश्ते के जरिए दिखाया कि दो लोगों के बीच प्यार और साथ की भावना उम्र के आंकड़ों से कहीं ज्यादा अहम होती है।
दिग्गज एक्टर और मोटिवेशनल स्पीकर आशीष विद्यार्थी ने 25 मई 2023 को गुवाहाटी की फैशन एंटरप्रेन्योर रूपाली बरुआ से शादी की। कोलकाता में आयोजित एक निजी समारोह में हुई इस शादी ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, उस वक्त वे 60 साल के थे। आशीष की दूसरी शादी को कई लोगों ने इस संदेश के रूप में देखा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर साथी और खुशियां तलाशना गलत नहीं है।
तेलुगु एक्टर और पॉलिटिशियन नरेश बाबू ने मार्च 2023 में एक्ट्रेस पवित्रा लोकेश से शादी की थी। यह उनकी चौथी शादी थी। 63 वर्ष की उम्र में लिए गए इस फैसले ने खूब सुर्खियां बटोरीं। दोनों ने निजी समारोह में विवाह किया और साबित किया कि नई शुरुआत करने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।