'जलसा को बम से उड़ा देंगे', अमिताभ बच्चन को फिर मिली धमकी, ईमेल में इन जगहों का भी नाम!

Published : Nov 26, 2026, 03:44 PM IST
Amitabh Bachchan Bomb Threat

सार

AMITABH BACHCHAN FRESH BOMB THREAT: 26/11 की बरसी पर मुंबई के मेयर और BMC कमिश्नर को मिले धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के 'जलसा' का भी नाम है। कुछ दिन पहले बिग बी और अभिषेक को भी धमकी मिली थी। अब क्या होगा?

अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। उनके मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' का नाम एक नए धमकी भरे ईमेल में सामने आया है। यह मामला ऐसे दिन सामने आया, जब देश 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी मना रहा है। ईमेल में सिर्फ बिग बी का घर ही नहीं, बल्कि मुंबई की कई दूसरी जगहों का भी जिक्र किया गया है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही अमिताभ और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की तरफ से धमकी मिलने की खबर सामने आई थी। आखिर इस बार पूरा मामला क्या है?

26/11 की बरसी पर आया नया धमकी भरा ईमेल

  • 26 नवंबर 2026 को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले 'जलसा' को भी संभावित निशाने के तौर पर शामिल किया गया था।
  • ईमेल में मेयर के कार्यालय और मुंबई के कुछ अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इस खबर के सामने आने के बाद मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक, BMC कार्यालय में बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम भी पहुंची। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसमें किए गए दावों की विश्वसनीयता की पुष्टि नहीं हुई है।

मेट्रो स्टेशन और मेयर ऑफिस को लेकर क्या कहा गया?

  • मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में मुंबई के कुछ मेट्रो स्टेशनों पर IED ब्लास्ट करने की चेतावनी भी दी गई थी। इसमें महालक्ष्मी, साइंस और आचार्य मेट्रो स्टेशन का नाम शामिल था।
  • इसके अलावा शहर में अगले 30 दिनों तक ग्रेनेड हमलों की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई। ईमेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र और कुछ प्रतिबंधित संगठनों के नाम भी शामिल थे।
  • हालांकि, ईमेल में किए गए विस्फोटक रखे होने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अमिताभ और अभिषेक को पहले भी मिल चुकी है धमकी

  • यह पहली बार नहीं है, जब बच्चन परिवार को इस तरह की धमकी मिली हो। 16 नवंबर को गोल्डी ढिल्लों नाम के गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को निशाना बनाने की धमकी दी थी।
  • पोस्ट में उसने दावा किया था कि मुंबई में उसके कई साथी मौजूद हैं और गिरफ्तारियां होने के बावजूद उसकी गतिविधियां नहीं रुकेंगी।
  • उसने यह भी धमकी दी थी कि बच्चन परिवार की सुरक्षा के लिए बनाए गए बुलेटप्रूफ केबिन भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे। इस पोस्ट के बाद दोनों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।

बिग बी को फैंस से मिलने लेना पड़ा था बुलेटप्रूफ ग्लास का सहारा

  • लगातार मिल रही धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन अपने घर के बाहर फैंस से मुलाकात करते हुए बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे नजर आए थे।
  • नवंबर के पहले रविवार को उनका यह वीडियो भी काफी चर्चा में रहा था। हालांकि, बाद के रविवार को वह सामान्य तरीके से अपने प्रशंसकों का अभिवादन करते दिखाई दिए।
  • वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18' को होस्ट कर रहे हैं। कुछ समय के ब्रेक के बाद वह 16 नवंबर से नए एपिसोड के साथ शो में लौटे थे।
  • इसके अलावा वह नाग अश्विन की 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल में भी नजर आएंगे। निर्देशक के सितंबर 2026 के अपडेट के मुताबिक, फिल्म की नियमित शूटिंग अक्टूबर में शुरू हुई और इसे 2027 के मध्य तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
  • फिल्म की रिलीज को लेकर 2028 की संभावना जताई गई है, लेकिन आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Gunmaaster G9 Box Office: पहले दिन कितनी कमाई करेगी इमरान हाशमी की नई फिल्म, बनाएगी यह रिकॉर्ड?
आधी रात शूटिंग पर पहुंची पुलिस, फिर इंदौर छोड़ मुंबई लौट गई पूरी फिल्म यूनिट? एक्टर ने खोली पोल!