
Ananya Raj Last Instagram Post: फिल्म ‘घोस्ट’ में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस अनन्या राज का 27 साल की उम्र में निधन हो गया है। हालांकि, उनके परिवार ने मौत के एक महीने बाद सोशल मीडिया के जरिए बेटी के निधन की खबर दी। अनन्या की फैमिली के मुताबिक, उनका निधन 15 जुलाई की सुबह नींद में ही हो गया। वे पिछले एक साल से ज्यादा समय से फिजिकल और मेंटल हेल्थ से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रही थीं। इसी बीच, अनन्या राज की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट चर्चा में है।
अनन्या राज ने अपनी आखिरी पोस्ट 17 मई को की थी, जिसमें उन्होंने अपनी कुछ तस्वीरों के साथ एक कैप्शन लिखा था। अनन्या ने इस पोस्ट में लिखा, ब्लैक टू व्हाइट, चमकने का वक्त आ गया है...। अनन्या की इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट्स भी किए हैं। एक शख्स ने कमेंट करते हुए लिखा- द डेफिनिशन ऑफ क्लास। वहीं, कुछ अन्य यूजर ने फायर और हार्ट इमोजी बनाकर अपनी प्रतिक्रिया शेयर की। बता दें कि इंस्टाग्राम पर अनन्या राज के 275K फॉलोअर्स हैं। वहीं, वो खुद 75 लोगों को फॉलो करती थीं।
मुंबई में पली-बढ़ी अनन्या राज ने हिंदी के साथ-साथ रीजनल सिनेमा में भी काम किया था। उन्होंने साल 2016 में रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म ‘7 आवर्स टू गो’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद अनन्या 2017 में आई फिल्म ‘द फाइनल एग्जिट’ में नजर आईं। इसके बाद उन्होंने विक्रम भट्ट के डायरेक्शन में बनी हॉरर फिल्म ‘घोस्ट’ में भी काम किया। फिल्मों के अलावा अनन्या राज कई चर्चित म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आई थीं। इन म्यूजिक वीडियोज के जरिए भी उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई।
अनन्या राज ने सिर्फ हिंदी सिनेमा तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने क्षेत्रीय फिल्मों में भी काम किया और तेलुगु सिनेमा में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की। 2022 में रिलीज हुई तेलुगु सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘थगड़े ले’ में उन्होंने काम किया था। श्रीनिवास राजू के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अनन्या के साथ नवीन चंद्रा, दिव्या पिल्लई और पी. रविशंकर भी नजर आए थे। इसके अलावा अनन्या ने फिल्म ‘मद्रासी गैंग’ में भी मुख्य भूमिका निभाई थी।
अनन्या के परिवार ने अपने भावुक बयान में उन्हें मजबूत इरादों वाली लड़की बताया। परिजनों ने कहा कि वह अपनी जिंदगी को रानी की तरह जीती थीं। परिवार के मुताबिक, अनन्या के जाने के बाद उनके जीवन में जो खालीपन आया है, उसे हमेशा महसूस किया जाएगा। उनके निधन से परिवार और करीबियों को गहरा सदमा पहुंचा है।
अनन्या राज के परिवार ने इस मुश्किल समय में फैंस और मीडिया से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने लोगों से अनन्या राज की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध किया है। परिवार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस दुख की घड़ी में वे अनन्या की यादों को अपने साथ संजोकर रखेंगे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।