
Annu Kapoor Doodhiya Badan Controversy: अनु कपूर ने आखिरकार तमन्ना भाटिया से जुड़े 'दूधिया बदन' विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उनका कहना है कि लोगों ने उनकी बात को गलत तरीके से समझा। उनके मुताबिक, उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था, बल्कि यह एक तारीफ के तौर पर कहा गया था।
यह मामला फिल्म 'स्त्री 2'के गाने 'आज की रात मजा हुस्न का' से जुड़ा है। इस गाने में तमन्ना की परफॉर्मेंस को देखने के बाद, अनु कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था, “माशाअल्लाह, क्या दूधिया बदन है।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने उनके इस बयान पर जमकर रिएक्ट किया। कुछ ने इसे गलत बताया, वहीं कुछ ने इसे सामान्य तारीफ की तरह ही लिया।
अनु कपूर ने फिल्म जर्नलिस्ट सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में पूरी घटना समझाई। उन्होंने बताया कि पिछले साल अमेरिका में शो की तैयारी के दौरान उन्होंने अपनी टीम से कोई कठिन गाना चुनने को कहा था। टीम ने 'आज की रात' गाना चलाया। अनु कपूर को इसका संगीत पसंद आया, लेकिन टीम ने बताया कि इस गाने का शुरुआती हिस्सा स्टेज पर उतना प्रभावी नहीं लगता। इसके बाद उन्होंने वीडियो देखने को कहा। वीडियो में तमन्ना का डांस देखकर उन्होंने उनकी तारीफ की और कहा कि वह बहुत अच्छा परफॉर्म कर रही हैं। उनके अनुसार, उन्होंने सिर्फ यही कहा था और बात वहीं खत्म हो गई थी।
अनु कपूर का मानना है कि यह विवाद उनके इरादे से नहीं, बल्कि भाषा की वजह से हुआ। उनका कहना है कि अगर उन्होंने अंग्रेजी में 'Milky Body” कहा होता, तो शायद इतना विवाद नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि मातृभाषा में कही गई बातें लोगों को ज्यादा असर करती हैं, इसलिए यह मुद्दा बड़ा बन गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया और कई तरह के भद्दे कमेंट्स भी किए गए।
अनु कपूर ने कहा कि तमन्ना उनके बच्चों की उम्र की हैं, इसलिए उनके मन में कोई गलत भावना नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ उनके टैलेंट की सराहना करना था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह अपनी बात पर कायम हैं, लेकिन अगर तमन्ना को इससे ठेस पहुंची हो, तो वह उनसे माफी मांगने के लिए भी तैयार हैं। अनु कपूर ने कहा, जरूरत पड़ी तो मैं उनके पैर छूकर भी माफी मांग लूंगा। मेरा इरादा कभी गलत नहीं था। फिलहाल, इस पूरे मामले पर तमन्ना भाटिया की ओर से कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।