
बॉक्स ऑफिस पर इंडिपेंडेंस डे वीकेंड का मुकाबला इस बार लगभग एकतरफा होता दिख रहा है। इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' और सनी देओल की 'बंटवारा 1947' आमने-सामने हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि दोनों सितारों की यह पहली बॉक्स ऑफिस भिड़ंत नहीं है। करीब 19 साल पहले भी दोनों की फिल्मों ने एक ही दिन सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। तब इमरान की 'आवारापन' के सामने सनी देओल, धर्मेंद्र और बॉबी देओल की 'अपने' थी। उस मुकाबले में सनी की फिल्म ने बाजी मारी थी। अब 2026 में 'आवारापन 2' की मजबूत एडवांस बुकिंग ने कहानी पूरी तरह बदल दी है।
29 जून 2007 को इमरान हाशमी की 'आवारापन' और सनी देओल की 'अपने' एक ही दिन रिलीज हुई थीं। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी'आवारापन' को शुरुआत में मिले-जुले रिएक्शंस मिले थे।koimoi.com की रिपोर्ट के मुताबिक़, 'आवारापन' ने पहले दिन भारत में सिर्फ 79 लाख रुपए नेट कमाए थे। दूसरी तरफ सनी देओल, धर्मेंद्र और बॉबी देओल की स्पोर्ट्स-एक्शन फिल्म 'अपने' को दर्शकों और क्रिटिक्स से बेहतर रिएक्शन मिले। फिल्म ने पहले दिन 1.89 करोड़ रुपए नेट का कलेक्शन किया। यानी शुरुआती कमाई के मामले में 'अपने' ने 'आवारापन' से करीब 139% ज्यादा की कमाई की थी। लाइफटाइम की बात करें तो 'अपने' ने लगभग 22.07 करोड़ रुपए कमाए थे, जबकि 'आवारापन' ने 7.76 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।
भले ही 'आवारापन' बॉक्स ऑफिस पर उस समय उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन सालों बाद इसे कल्ट क्लासिक का दर्जा मिला। दूसरी ओर 'अपने' कमर्शियल रूप से सक्सेसफुल रही। अब इमरान हाशमी उसी चर्चित किरदार के साथ 'आवारापन 2' में लौट रहे हैं। फिल्म में उनके साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी हैं। सीक्वल की रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के रुझान मजबूत बताए जा रहे हैं और शुरुआती अनुमान में फिल्म के पहले दिन 15 करोड़ रुपए से ज्यादा नेट कमाने की उम्मीद जताई गई है।
सनी देओल की 'बंटवारा 1947' से भी पहले डबल डिजिट में ओपनिंग की उम्मीद थी, लेकिन एडवांस बुकिंग का रिस्पॉन्स उम्मीद से कमजोर रहा है। मौजूदा ट्रेंड के आधार पर फिल्म 5 करोड़ रुपए से ज्यादा की शुरुआत कर सकती है, लेकिन 10 करोड़ रुपए का आंकड़ा छूना मुश्किल माना जा रहा है। अगर मौजूदा अनुमान सही साबित होते हैं, तो 'आवारापन 2' की पहले दिन की कमाई 'बंटवारा 1947' से करीब 200% ज्यादा हो सकती है। यानी 19 साल बाद इमरान हाशमी और सनी देओल की फिल्मों के इस मुकाबले में गेम पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।