
‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के खेल से ज्यादा उनके रिश्ते और विवाद चर्चा में हैं। स्काउट ओपी और लव गिल खुद को भाई-बहन बताते हैं, लेकिन उनकी कुछ वायरल क्लिप्स ने सोशल मीडिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब वीकेंड का वार में सलमान खान ने भी इस रिश्ते पर सवाल पूछे। पूर्व कंटेस्टेंट काम्या पंजाबी ने भी दोनों के बीच की नजदीकियों पर आपत्ति जताई है। दूसरी ओर, शो में दो नई वाइल्ड कार्ड एंट्री हुई हैं, जिनमें मनीष गोयल और विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहे मिट्ठू डॉन शामिल हैं।
वीकेंड का वार में सलमान खान ने लव गिल से उनके छोटे भाई के बारे में पूछा। लव ने बताया कि उनका भाई 17 साल का है। इसके बाद सलमान ने उनके रिश्ते और शारीरिक सहजता को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि क्या उनका भाई भी उन्हें कमर पर पैर रखकर छूता है या मसाज देता है। जवाब में लव ने कहा कि वे अपने भाई के साथ ऐसा करती हैं। तो सलमान ने उन्हें बीच में ही टोकते हुए कहा, “अगर आपको फर्क नहीं पड़ता, तो फिर ठीक है।” इसके बाद स्काउट परेशान नजर आए और बोले कि उनके रिश्ते को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है। लव ने भी कहा कि दोनों भाई-बहन की तरह ही रहते हैं।
पूर्व कंटेस्टेंट काम्या पंजाबी ने सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “‘भाई-बहन’ वाले रिश्ते से स्काउट और लव गिल के बीच इस तरह की शारीरिक नजदीकियां आखिर कैसे आ गईं? रिश्तों में कुछ सीमाएं होनी चाहिए, रियलिटी शो में भी। आखिर इनके बीच चल क्या रहा है? सिर्फ मस्ती-मजाक या फिर हदें पार हो रही हैं?” विवाद की वजह एक वायरल क्लिप भी है, जिसमें स्काउट सोफे पर लेटी लव की कमर पर पैर फेरते नजर आए। आलोचना के बाद स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी ने लाइव स्ट्रीमिंग में सफाई दी।
शो में टीवी एक्टर मनीष गोयल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल धुल उर्फ मिट्ठू डॉन की एंट्री हुई है। मनीष ‘कहानी घर घर की’, ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘भाभी’ और ‘अनुपमा’ जैसे शोज में काम कर चुके हैं। फरीदाबाद के नकुल धुल मीम्स, व्यंग्य और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर वीडियो बनाते हैं। फरवरी 2026 में वायरल एक पुराने वीडियो में उन्होंने लड़की के पीछे चलने और अचानक दौड़कर आगे निकलने की बात कही थी। इसके अलावा, एक अन्य वीडियो में महिलाओं को ‘नीचा जेंडर’ कहने पर भी उनकी आलोचना हुई थी।
सीजन को लेकर चर्चा और कंटेस्टेंट्स के प्रदर्शन पर सवालों के बीच मेकर्स ने दो नई एंट्री कराई हैं। उम्मीद है कि इससे घर में नए समीकरण और टकराव देखने को मिलेंगे। हालांकि, इन एंट्री से शो की लोकप्रियता कितनी बढ़ेगी, यह आने वाले एपिसोड में साफ होगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।