
‘बिग बॉस 20’ के मंच पर सलमान खान का एक अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। एक्टर ने अपनी बॉडी और लुक्स को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर खुलकर बात की और आलोचकों को करारा जवाब दिया। लेकिन उनके इस बयान के बाद ‘बिग बॉस’ की पूर्व कंटेस्टेंट सोफिया हयात ने ऐसा दावा किया, जिसने मामले को एक अलग मोड़ दे दिया। सोफिया ने सलमान के मौजूदा रुख को अपने पुराने अनुभव से जोड़ते हुए उन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ‘बिग बॉस 7’ के दौरान हुई कथित बातचीत का हवाला दिया और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
सोफिया हयात ने ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड से सलमान खान का शर्टलेस वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने एक्टर के ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग को लेकर दिए गए संदेश पर सवाल उठाया। सोफिया ने लिखा, “सलमान एक पाखंडी बेवकूफ हैं। जब मैं बिग बॉस में थी, तब उन्होंने मेरे शरीर और चेहरे की आलोचना की थी... और गौहर खान से कहा था कि उनका शरीर अच्छा है। उफ्फ।”
SALMAN is an hypocritical idiot. When I was in Bigg Boss he criticised my body and face..and told Gauhar her body was good. Argh. https://t.co/ENXSfqMlz9
— Sofia Hayat (@sofiahayat) September 19, 2026
यह भी पढ़ें : 'घूम के चमाट मारो', पैपराजी की घटिया हरकत पर भड़के सलमान खान, लड़कियों की यह सलाह
सोफिया हयात साल 2013 में प्रसारित हुए ‘बिग बॉस 7’ का हिस्सा थीं। इस सीजन की विजेता गौहर खान बनी थीं, जबकि तनीषा मुखर्जी फर्स्ट रनर-अप रही थीं। शो में एजाज खान, संग्राम सिंह, अरमान कोहली, वीजे एंडी, कुशाल टंडन, एली अवराम, काम्या पंजाबी और दिवंगत प्रत्यूषा बनर्जी भी नजर आए थे। अब सोफिया ने इसी पुराने सीजन से जुड़ा अपना अनुभव सामने रखते हुए सलमान की मौजूदा बातों पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उस वक्त सलमान ने उन्हें बॉडी शेम किया था।
‘वीकेंड का वार’ के दौरान सलमान खान ने अपनी टोपी और शर्ट उतार दी। इसके बाद उन्होंने उन लोगों को जवाब दिया जो उनके वजन और लुक्स को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल कर रहे थे। सलमान ने कहा, “भाई मोटा हो गया है, भाई को ट्रोल करो... कर लो ट्रोल, ये लो। कर लो ट्रोल। आओ, ट्रोल करना है ना? ट्रोल करना पसंद है? ये देखो, क्लोज-अप कर लो।” इसके बाद सलमान ने सेलिब्रिटीज के लुक्स पर निजी कमेंट करने वालों को पहले खुद को देखने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें : सीने में दर्द के बाद 'बिग बॉस 20' के सेट पर गिरे सलमान खान! अब खुद सामने आकर दी हेल्थ अपडेट
उन्होंने कहा, “कमाल है! पहले अपने आपको देखो भाई। ये जो आप लोग कमेंट करते हो ना, जिसके ऊपर, किसी के भी ऊपर, पहले अपनी शक्ल देख लो। अपना जिस्म देख लो, उसके बाद करना ये। अपने मां-बाप को देख लो पहले, उनकी सेहत देख लो। उसके बाद करना, समझे?” सलमान ने आगे कहा कि किसी के वजन बढ़ने या घटने की बात करना समझ में आता है, लेकिन उसका मजाक उड़ाना ठीक नहीं है। उनका कहना था, “एक समझ आता है कि भाई, तुम्हारा वजन कम हुआ या बढ़ा... वो समझ आता है, लेकिन मजाक उड़ाना?”
सलमान ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया। हालांकि, इसी दौरान सोशल मीडिया पर कैटरीना कैफ को लेकर भी चर्चा चल रही थी। हाल ही में मां बनने के बाद अनंत अंबानी के परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में नजर आईं कैटरीना के लुक को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ टिप्पणियां हुई थीं। ऐसे में सलमान की बातों को ऑनलाइन यूजर्स ने इस चर्चा से भी जोड़कर देखा। हालांकि, एक्टर ने अपने बयान में कैटरीना का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया था। इस पूरे मामले के बीच सोफिया हयात की प्रतिक्रिया ने ‘बिग बॉस’ के पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। उनका पोस्ट अब सलमान के मौजूदा बयान के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।