
सलमान खान के साथ अगली फिल्म 'बैटल ऑफ़ गलवान' में स्क्रीन शेयर करने जा रहीं चित्रांगदा सिंह की मानें तो अतीत में उन्होंने कुछ ऐसी गलतियां की हैं, जिनका उन्हें अब अफ़सोस होता है। हाल ही में नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी स्टारर 'रात अकेली है : द बंसल मर्डर' में नज़र आईं चित्रांगदा सिंह एक इंटरव्यू में बात कर रही थीं। इस दौरान एक्ट्रेस ने अपनी गलतियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक बार बदकिस्मती से उनके हाथ से शाहरुख़ खान स्टारर फिल्म निकल गई।
चित्रांगदा सिंह ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बताया कि वे अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर' में ऋचा चड्ढा की जगह और डायरेक्टर आनंद एल राय की फिल्म 'तनु वेड्स मनु' में कंगना रनौत की जगह हो सकती थीं। लेकिन बदकिस्मती से उन्होंने ये ऑफर ठुकरा दिए। बकौल चित्रांगदा, "मैंने वाकई कुछ बड़ी गलतियां की हैं। मैंने अनुराग कश्यप की 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर' में ऋचा चड्ढा वाले रोल को मना किया। आनंद एल राय की फिल्म 'तनु वेड्स मनु' में वो रोल ठुकराया, जो इसमें कंगना रनौत ने किया। उस वक्त मैं कई लोगों की सुनी और कुछ गलत फैसले लिए। आपको लगता है कि दूसरे लोग ज्यादा जानते हैं। लेकिन हर बार यह सच नहीं होता।"
चित्रांगदा ने इस बातचीत में यह भी बताया कि उनके हाथ से शाहरुख़ खान की फिल्म 'चलते चलते' निकल गई थी। इसलिए नहीं कि उन्होंने इसे ठुकरा दिया था, बल्कि इसलिए क्योंकि उन्होंने अपना फोन नंबर बदल लिया था और काम से दूर हो गई थीं। बकौल चित्रांगदा, "शाहरुख़ खान ने खुद मुझे इस बारे में बताया। जब हम साथ में एक ऐड शूट कर रहे थे, तब उन्होंने बताया कि वे मेरा नंबर तलाश रहे थे। मैंने सात-आठ साल के लिए काम छोड़ दिया था। तभी आपको यह एहसास होता है।"
'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर' और 'तनु वेड्स मनु' दोनों ही हिट फ्रेंचाइजी में तब्दील हुईं। दोनों के दो पार्ट्स आ चुके हैं। वहीं, चलते-चलते भी हिट रही थी, जिसमें शाहरुख़ खान के साथ रानी मुखर्जी दिखाई दी थीं। खैर, वर्क फ्रंट की बात करें तो चित्रांगदा सिंह की मिस्ट्री थ्रिलर 'रात अकेली है : द बंसल मर्डर' हाल ही में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होनी शुरू हुई है। हनी त्रेहान ने इसे डायरेक्ट किया है। अपूर्व लखिया के निर्देशन में बन रही 'बैटल ऑफ़ गलवान' पहली बार चित्रांगदा सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। इस फिल्म का टीजर 27 दिसंबर को सलमान खान के बर्थडे पर रिलीज किया जाएगा। इसी के साथ इसकी फाइनल रिलीज डेट के ऐलान की भी उम्मीद है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।