
एंटरटेनमेंट डेस्क. बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री नीना गुप्ता अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। प्रेम संबंध, महिला स्वतंत्रता, शादी जैसे मुद्दों पर खुलकर बात करने वाली नीना गुप्ता अक्सर सोशल मीडिया पर युवाओं को रिश्तों को लेकर सलाह देती नजर आती हैं। इसके अलावा, नीना अपने बोल्ड ड्रेसिंग स्टाइल के लिए भी मशहूर हैं। उम्र के साथ स्टाइल कैसे बदलना चाहिए, इस बारे में कोई नियम नहीं है, और नीना गुप्ता एक सीनियर अभिनेत्री हैं, इसलिए उनका अपनी पसंद के कपड़े पहनना स्वाभाविक है।
ड्रेसिंग को लेकर नीना गुप्ता ने तोड़े नियम
उम्र के हिसाब से कपड़े पहनने के नियमों को तोड़ते हुए नीना गुप्ता अक्सर बोल्ड ड्रेस पहने हुए नजर आती हैं। इसी कड़ी में नीना गुप्ता हाल ही में नीले डेनिम मिनी शॉर्ट्स पहने हुए सार्वजनिक रूप से नजर आईं, तो पैपराजी ने हमेशा की तरह इस अदाकारा का वीडियो अपने कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। लेकिन अभिनेत्री का यह ड्रेसिंग स्टाइल कई लोगों को पसंद नहीं आया। यही वजह है कि नीना गुप्ता को भद्दे कमेंट्स कर ट्रोल किया गया और बॉडी शेमिंग का शिकार बनाया गया।
नेटिजन्स ने क्या कहा?
पैपराजी पेज द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर जहां एक तरफ लोग नीना गुप्ता की तारीफ कर रहे थे और कह रहे थे कि वो फाइन वाइन की तरह लग रही हैं, वहीं दूसरी तरफ ट्रोलर्स ने भद्दे कमेंट्स करने शुरू कर दिए। एक यूजर ने लिखा कि छोटे कपड़े पहन लेने से कोई जवान नहीं दिखने लगता, वो अभी भी 65 साल की लग रही हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने उन्हें ट्रोल करते हुए लिखा- इसे कहते हैं बुढ़ापे में बचपन। एक ने लिखा - अब तो वो 80 साल की लग रही हैं। एक ने तो यहां तक कह दिया कि उन्हें चश्मा लगा लेना चाहिए, क्या उन्हें खुद नहीं दिखता। कुछ लोगों ने तो ये तक सवाल कर दिया कि अपनी उम्र के हिसाब से सलवार या साड़ी पहन लेतीं तो क्या हो जाता। हालांकि, कुछ लोग नीना गुप्ता के सपोर्ट में भी उतरे और ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि उनकी जिंदगी है, उन्हें जीने दो। एक यूजर ने लिखा-वो इज्जत से अपने पैसों से अपनी जिंदगी जी रही हैं, किसी से मांगकर नहीं, उनकी लाइफ है, उन्हें जीने दो, आपको क्या दिक्कत है।
नीना गुप्ता ने अपने दम पर बनाई पहचान
नीना गुप्ता बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से एक हैं जिन्होंने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। अपने समय में उन्होंने ऑन-स्क्रीन पहली बार किस करके सनसनी मचा दी थी। 1990 के दशक की शुरुआत में 'दिल्लगी' नामक एक शो के लिए उन्हें पहली बार ऑन-स्क्रीन किसिंग सीन करना पड़ा था। नीना गुप्ता की निजी जिंदगी की बात करें तो उनका अफेयर वेस्ट इंडीज के क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स से रहा। इसके बाद वे बेटी मसाबा गुप्ता की मां बनी। इसके बाद 2008 में नीना गुप्ता की जिंदगी में एक बार फिर प्यार आया। उन्होंने दिल्ली के रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक मेहरा के साथ शादी की।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।