
लंबे समय से रोमांटिक फिल्मों के लिए संघर्ष कर रहे बॉलीवुड को आखिरकार एक नई उम्मीद मिलती नजर आ रही है। शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर 'कॉकटेल 2' ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत दर्ज की है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म दर्शकों के बीच पहले से ही चर्चा में थी और अब शुरुआती कमाई के आंकड़ों ने इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। खास बात यह है कि फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में 2012 में रिलीज हुई 'कॉकटेल' को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि आगे की राह दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करेगी।
'कॉकटेल 2' को देशभर में लगभग 3000 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज किया गया। रोमांटिक ड्रामा जॉनर की फिल्म के लिए यह बड़ा रिलीज स्केल माना जा रहा है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 13.50 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 16.20 करोड़ रुपये हुआ है। ओवरसीज मार्केट में इस फिल्म ने लगभग 4 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इस हिसाब से देखें तो दुनियाभर में इस फिल्म की ग्रॉस कमाई 20.20 करोड़ रुपए हो गई है।
यह भी पढ़ें : Cocktail 2 Review: रोमांस का तड़का, इमोशंस का सैलाब और शाहिद-कृति-रश्मिका की शानदार केमिस्ट्री
रिलीज से पहले ही फिल्म को एडवांस बुकिंग में अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, पहले दिन के लिए 1.6 लाख से ज्यादा टिकटों की एडवांस बिक्री हुई, जिससे लगभग 5.57 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया गया। ब्लॉक सीट्स और स्पॉट बुकिंग को जोड़ने के बाद यह आंकड़ा 8 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। इसी मजबूत शुरुआत का असर पहले दिन के कुल कलेक्शन में भी देखने को मिला।
'कॉकटेल 2' की शुरुआती सफलता के पीछे सबसे बड़ा कारण 2012 में रिलीज हुई 'कॉकटेल' की पॉपुलैरिटी को माना जा रहा है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे। उस फिल्म ने पहले दिन लगभग 10.47 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी। इस लिहाज से 'कॉकटेल 2' ने शुरुआती कमाई में उसे पीछे छोड़ दिया है। हालांकि टिकट बिक्री और महंगाई के असर को ध्यान में रखा जाए तो नई फिल्म को वास्तविक रूप से पुराने रिकॉर्ड से आगे निकलने के लिए लगभग 18 से 19 करोड़ रुपये की ओपनिंग की जरूरत थी।
यह भी पढ़ें : Cocktail 2 OTT Release: थिएटर्स के बाद OTT पर कब और कहां आएगी 'कॉकटेल 2', यहां पढ़ें पूरी डिटेल
होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी 'कॉकटेल 2' सीधे तौर पर पहली फिल्म की कहानी को आगे नहीं बढ़ाती। यह एक फ्रेंचाइजी फिल्म है, जिसमें पूरी तरह नई कहानी और नए किरदारों को पेश किया गया है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की तिकड़ी को दर्शकों का बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। मेकर्स को उम्मीद है कि वीकेंड में फिल्म की कमाई और तेजी पकड़ सकती है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।