
रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद अब OTT की दुनिया में भी नया इतिहास रच दिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर के दर्शकों के बीच जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल की है। नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने खुद खुलासा किया है कि 'धुरंधर' इस साल दुनिया की सबसे ज्यादा देखी गई नॉन-इंग्लिश फिल्म बन चुकी है। उन्होंने भारतीय फिल्मों की वैश्विक पहुंच की भी जमकर तारीफ की और कहा कि भारतीय सिनेमा लगातार दुनिया भर में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि 'धुरंधर' इस साल दुनिया की सबसे ज्यादा देखी गई नॉन-इंग्लिश फिल्म रही। उन्होंने कहा, "धुरंधर इस साल दुनिया की सबसे ज्यादा देखी गई नॉन-इंग्लिश फिल्म रही। इसने बाकी सभी नॉन-इंग्लिश फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। इसे देखने के मामले में केवल अमेरिका और ब्रिटेन ही इससे आगे रहे।" यह उपलब्धि फिल्म की थिएटर में ऐतिहासिक सफलता के बाद OTT पर भी उसके शानदार प्रदर्शन को साबित करती है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत के पास 'स्क्विड गेम' या 'मनी हाइस्ट' जैसी कोई वैश्विक सांस्कृतिक पहचान वाली फिल्म या सीरीज है, तो उन्होंने कहा, "लोग अक्सर पूछते हैं कि भारत का ऐसा बड़ा ग्लोबल मोमेंट कब आएगा, लेकिन भारत में ऐसे पल लगातार आते रहते हैं।" उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा की समृद्ध और लंबी विरासत इसे दुनिया में अलग पहचान दिलाती है और भारत का सबसे बड़ा ग्लोबल प्रभाव फिल्मों के जरिए ही देखने को मिलता है।
टेड सारंडोस के मुताबिक, 2024 से लेकर अब तक हर हफ्ते नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप-10 लिस्ट में कोई न कोई भारतीय फिल्म या वेब सीरीज शामिल रही है। उन्होंने बताया कि नेटफ्लिक्स का एल्गोरिद्म दुनियाभर के दर्शकों तक भारतीय कंटेंट पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसी का नतीजा है कि 2026 में भारतीय फिल्मों और सीरीज को अब तक 3.5 बिलियन घंटे से ज्यादा ग्लोबल व्यूइंग मिल चुकी है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और संजय दत्त भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म को बड़े पैमाने पर एक्शन और राजनीतिक थ्रिलर के रूप में तैयार किया गया था। 'धुरंधर' का पहला भाग दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था। इसके बाद दूसरे भाग की रिलीज से पहले इसका डिजिटल प्रीमियर नेटफ्लिक्स पर किया गया। वहीं 'धुरंधर: द रिवेंज' थिएटर रिलीज के बाद OTT पर भी रिलीज हो चुकी है। फिलहाल यह फिल्म नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार दोनों प्लेटफॉर्म पर भारत में उपलब्ध है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।